2026 टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2026) अपने आखिरी चरण में पहुंच चुका है. टूर्नामेंट को सेमीफाइनल के लिए चार टीमें मिल चुकी है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया नॉकआउट स्टेज में पहुंचने वाली चौथी टीम बनी. मेन इन ब्लू ने सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल की सीट कंफर्म की. अब अगला टी20 चैंपियन मिलने में सिर्फ तीन मैचों का फासला रह गया है, जिसमें 2 सेमीफाइनल हैं. तो आइए जानते हैं कि सेमीफाइनल मुकाबले, कब और किसके-किसके बीच खेले जाएंगे.
पहला सेमीफाइनल
टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला 04 मार्च, बुधवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. भारतीय समय के अनुसार मुकाबले की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी.
दूसरा सेमीफाइनल
दूसरा सेमीफाइनल मैच भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला 05 मार्च, गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. भारतीय समय के अनुसार इस मैच की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी.
सेमीफाइनल मुकाबले कहां देखें लाइव?
दोनों ही सेमीफाइनल मुकाबलों को भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के जरिए लाइव प्रसारित किया जाएगा. वहीं लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार के जरिए होगी, जिससे आप मुकाबलों को मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी पर देख पाएंगे.
रविवार को होगी खिताबी भिड़ंत
दोनों सेमीफाइनल में जीतने वाली टीमें फाइनल में जगह बनाएंगी. टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 08 मार्च, रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. बताते चलें कि सेमीफाइनल में पहुंचने तक टीम इंडिया ने सिर्फ एक मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही गंवाया है
टीम इंडिया डिफेंडिंग चैंपियन
गौरतलब है कि भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप की डिफेंडिंग चैंपियन है. 2024 यानी पिछले टी20 विश्व कप में टीम इंडिया ने रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था. रोहित ब्रिगेड ने बारबाडोस में खेले गए खिताबी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को शिकस्त दी थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बार टीम इंडिया कैसा प्रदर्शन करती है.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.