सुजुकी की इलेक्ट्रिक कार की एंट्री हो गई है। कंपनी की इस कार का नाम e Sky है। यह कार 310 km की क्लेम्ड रेंज ऑफर करती है। e Sky में Vehicle-to-Load (V2L) फीचर भी दिया गया है।
छोटी लंबाई, ज्यादा केबिन स्पेस
सुजुकी e Sky की लंबाई 3,395 mm, चौड़ाई 1,475 mm और ऊंचाई 1,625 mm है। इसका व्हीलबेस 2,460 mm और वजन 1,030 kg है। जबकि, टर्निंग रेडियस सिर्फ 4.4 मीटर है। छोटे साइज की वजह से यह कार जापान के भीड़भाड़ वाले शहरों, संकरी सड़कों और छोटी पार्किंग जगहों के लिए काफी काम की साबित हो सकती है। इसका बॉक्सी डिजाइन और लंबी रूफलाइन छोटे एक्सटीरियर साइज के बावजूद केबिन में ज्यादा जगह बनाने में मदद करती है। कार में C-शेप LED सिग्नेचर वाले रेक्टैंगुलर हेडलैंप, पतली ब्लैक कनेक्टिंग स्ट्रिप, स्क्वेयर व्हील आर्च और कॉन्ट्रास्ट ब्लैक रूफ दिया गया है। पीछे वर्टिकल टेललैंप, रूफ स्पॉयलर और फ्लैट टेलगेट मिलता है। सुजुकी इसे खास Immersion Blue कलर में भी ऑफर करेगी।
310 km की रेंज और हीट पंप
e Sky का टू-व्हील-ड्राइव वर्जन 310 km की रेंज क्लेम करता है। यह Vision e Sky कॉन्सेप्ट में बताए गए 270 km से ज्यादा है। हालांकि, सुजुकी ने अभी बैटरी कैपेसिटी, इलेक्ट्रिक मोटर की पावर और चार्जिंग स्पीड की जानकारी शेयर नहीं की है। कंपनी के मुताबिक, वजन कम रखने और बेहतर एनर्जी एफिशिएंसी की मदद से इतनी रेंज हासिल की गई है।
कार में डायरेक्ट हीट-पंप सिस्टम और एयर-हीटेड इलेक्ट्रिक हीटर भी दिया गया है, जिससे ठंड के मौसम में केबिन गर्म करने के दौरान बैटरी पर कम असर पड़ने की उम्मीद है। इसमें ईजी ड्राइव पेडल भी मिलता है, जो एक्सेलरेटर छोड़ने पर ज्यादा डीसिलरेशन देने में मदद करता है।
V2L से चला सकेंगे एक्सटर्नल इलेक्ट्रिक डिवाइस
सुजुकी e Sky में Vehicle-to-Load (V2L) फीचर भी दिया गया है। इसकी मदद से कार की बैटरी से एक्सटर्नल इलेक्ट्रिक डिवाइस चलाए जा सकते हैं। सुजुकी ने तस्वीरों में लैपटॉप और इंडक्शन कुकटॉप जैसे डिवाइसेज को कार से पावर लेते हुए दिखाया है। ऐसे में यह फीचर कैंपिंग, आउटडोर एक्टिविटीज और पावर कट में भी काम का साबित हो सकता है।
10.1-इंच टचस्क्रीन और कनेक्टेड फीचर्स
केबिन में 10.1-इंच टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम के साथ डिजिटल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले दिया गया है। कनेक्टेड नेविगेशन सिस्टम बाकी रेंज और ट्रैफिक की जानकारी को ध्यान में रखते हुए रूट सजेस्ट करता है और जरूरत पड़ने पर चार्जिंग स्टेशन खोजने में भी मदद करता है। सुजुकी e Sky की सेल जापान में मार्च 2027 तक शुरू होने की उम्मीद है। कंपनी ने अभी इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया है। सुजुकी e Sky के इंडिया लॉन्च के बारे में अभी पक्के तौर पर कुछ कहा नहीं जा सकता।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.