Team India Suffered Crushing Defeat Against South Africa: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में बीती रात यानी 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका के हाथों टीम इंडिया को 76 रन की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली हार के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बयान दिया है. मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान भारतीय कप्तान ने हार के मुख्य कारणों पर बात करते हुए बताया कि आखिर टीम इंडिया से कहां चूक हुई?
बल्लेबाजी में हुई चूक – सूर्यकुमार यादव
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बल्लेबाजी की विफलता को हार का सबसे बड़ा कारण बताया. उन्होंने हार के बारे में बात करते हुए कहा, ‘जब आप 180-185 रनों का पीछा कर रहे होते हैं, तो आप पावरप्ले में मैच जीत नहीं सकते, लेकिन आप पावरप्ले में मैच हार जरूर सकते हैं. हमने शुरुआती 6 ओवरों में बहुत ज्यादा विकेट गंवा दिए. इसके बाद हमें वैसी छोटी-छोटी साझेदारियां नहीं मिलीं, जिनकी हमें जरूरत थी. यही गेम का हिस्सा है, हम इससे सीखेंगे और मजबूती से वापसी करेंगे.’
बुमराह-अर्शदीप की जोड़ी और गेंदबाजों की तारीफ
सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में हार के बावजूद गेंदबाजों, खासकर जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की जमकर तारीफ की. कप्तान सूर्या ने कहा, ‘शुरुआत में हमने बहुत अच्छी गेंदबाजी की थी और उन्हें 21 रन पर 3 विकेट के स्कोर पर रोक दिया था. हालांकि 7 से 15 ओवर के बीच साउथ अफ्रीका ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन अंत में हमने फिर वापसी की. बुमराह और अर्शदीप की जोड़ी बेहद घातक है. दोनों ने मिलकर 5 विकेट लिए और कम रन भी दिए. उनकी अनुभवी जोड़ी का टीम में होना हमारे लिए बहुत अच्छी बात है.’
जिम्बाब्वे के खिलाफ अगले मैच का क्या होगा प्लान?
जिम्बाब्वे के खिलाफ अगले मैच को लेकर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट किया कि टीम इंडिया अपनी रणनीति में कोई बड़ा बदलाव नहीं करेगी. उन्होंने कहा, ‘अगले मैच के लिए हमारा प्लान सरल है, अच्छी बल्लेबाजी, अच्छी गेंदबाजी और अच्छी फील्डिंग. हम उसी ब्रांड की क्रिकेट खेलेंगे, जिसके लिए जाने जाते हैं. हम चीजों को साधारण रखेंगे और मजबूती से वापसी करेंगे.’
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.