रिएलिटी शो ‘लॉक अप 2’ इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब तहलका मचा रहा है। शो में सुपरस्टार गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा अपने बेबाक और बिंदास अंदाज से लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं। हाल ही में शो में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री लेने वाली एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे से सुनीता का तगड़ा पंगा हो गया। शिल्पा ने गोविंदा के कथित अफेयर्स और उनकी ‘मुहब्बत’ वाली इमेज पर उंगली उठाई, तो सुनीता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने शिल्पा को ऐसा करारा जवाब दिया कि सुनने वाले दंग रह गए। हालांकि, सुनीता के इस बयान के बाद अब सोशल मीडिया पर यूजर्स उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं।
पति 10 अफेयर भी करे, मैं नहीं छोड़ूंगी
फराह खान और रितेश देशमुख द्वारा होस्ट किए जा रहे नेटफ्लिक्स शो लॉक अप सच या सजा में सुनीता ने अपनी शादी का खुलकर बचाव किया। उन्होंने शिल्पा शिंदे को आड़े हाथों लेते हुए कहा, जब यह सब आपके साथ होगा, तब आपको पता चलेगा कि मैं किस दौर से गुजरी हूं। यह मेरी जिंदगी है, मैं जो चाहूंगी वो करूंगी। वह मेरा पति है… अगर वह 10 जगह भी अफेयर करेगा, तो भी मैं उसे छोड़कर नहीं जाऊंगी। आई लव हिम टिल डेथ ।
राम कपूर के सामने निकाला गुस्सा
शिल्पा शिंदे की ‘पोकिंग’ से परेशान सुनीता आहूजा यहीं नहीं रुकीं। बाद में वह शो के को-कंटेस्टेंट राम कपूर के सामने अपना दिल हल्का करती नजर आईं। सुनीता ने गुस्से में कहा, मेरी जगह आकर देखो कि मैं किस दौर से गुजरी हूं। वह मेरा पति है, कोई उसके बारे में कुछ नहीं कह सकता। मेरे परिवार पर बात मत करो। अगर वह 50 अफेयर भी करे, तो तेरे बाप का क्या जा रहा है? वह मेरा पति है और मैं उसकी बीवी हूं।
भले ही सुनीता ने इसे गोविंदा के लिए अपना अटूट प्यार बताया हो, लेकिन इंटरनेट जनता को उनका यह लॉजिक बिलकुल रास नहीं आया। सोशल मीडिया पर लोग उनके इस बयान को ‘टॉक्सिक’ बता रहे हैं और कह रहे हैं कि प्यार के नाम पर ऐसी चीजों को बढ़ावा देना गलत है। बता दें कि ‘लॉक अप’ का पहला सीजन 2022 में आया था, जिसे कंगना रनौत ने होस्ट किया था और मुनव्वर फारूकी इसके विनर बने थे। अब देखना यह होगा कि इस सीजन में सुनीता का यह बेपरवाह अंदाज उन्हें कहां तक लेकर जाता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.