- कॉपी लिंक
पूर्व भारतीय ओपनर सुनील गावस्कर ने ऑस्ट्रेलिया के मैकॉय की पिच पर सवाल उठाए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने पिच के मामले पर ICC पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया है।
77 साल के गावस्कर ने स्पोर्ट्स स्टार पर अपने कॉलम में लिखा- ‘पिछले कुछ साल में ऑस्ट्रेलिया में चार टेस्ट दो दिन से कम समय में खत्म हो गए। लेकिन, ICC ने इस पर आंखें बंद कर रखी हैं।’
गावस्कर के अनुसार भारत में ऐसा होने पर पिच पर कार्रवाई की जाती। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पिचों और भारतीय पिचों के लिए अलग-अलग मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।

पिच और ग्राउंड्समैन पर भी सवाल उठाए
गावस्कर ने लिखा, ‘तो ऑस्ट्रेलिया में एक और टेस्ट दो दिन के अंदर खत्म हो गया। पिछले कुछ साल में वहां ऐसा चार बार हो चुका है। फिर भी ऐसी पिचों की आलोचना सुनने को नहीं मिली, जिनमें जरूरत से ज्यादा उछाल होता है और जो ऐसे नतीजे देती हैं।’
गावस्कर ने लिखा, ‘बहाने तेजी से सामने आएंगे। कहा जाएगा कि ग्राउंड्समैन, माफ कीजिए, टर्फ एग्जीक्यूटिव से गलती हो गई। मौसम के अनुमान में गर्मी बताई गई थी, इसलिए उसने थोड़ी ज्यादा घास छोड़ दी और इससे जरूरत से ज्यादा उछाल मिला।’
लिखा- पहला टेस्ट हारे, फिर तेज-उछाल वाली पिच बनाई
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा कि पहला टेस्ट हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया का तेज गेंदबाजों के लिए मददगार पिच तैयार करना हैरानी की बात नहीं थी।
गावस्कर ने कहा, ‘मैकॉय की पिच कोई हैरानी की बात नहीं थी। पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम के बांग्लादेश से बुरी तरह हारने के बाद वे ऐसी पिच तैयार करने वाले थे, जो तेज और उछाल वाली हो।’
उन्होंने आगे कहा, ‘अब दावा किया जाएगा कि ग्राउंड्समैन ने यह काम अपने दम पर किया। टीम मैनेजमेंट की ओर से कोई निर्देश नहीं था। हम सभी जानते हैं कि असल में क्या होता है।’
मैके पिच को ‘बहुत अच्छी’ रेटिंग मिलने की चर्चा
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स पर लिखा गया है कि मैकॉय की पिच को ‘बहुत अच्छी’ रेटिंग मिलने वाली है। इस पर गावस्कर ने लिखा- ‘जैसा कि मैंने पहले कहा, दोहरे मापदंड चौंकाने वाले हैं। देखते हैं कि मैच रेफरी मैकॉय की पिच को क्या रेटिंग देते हैं। लेकिन भारतीय फैंस इसका इंतजार करते हुए उम्मीद न लगाएं।’

2 दिन खत्म हो गया था ऑस्ट्रेलिया-बांग्लादेश टेस्ट
पिछले दिनों मैकॉय टेस्ट 2 दिन में ही समाप्त हो गया था। इस मुकाबले में पैट कमिंस की ऑस्ट्रेलियाई टीम ने बांग्लादेश को पारी और 51 रन से हराया और 2 टेस्ट की सीरीज 1-1 से बराबरी की।

Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
