Womens Success Story: बुरहानपुर की किरण रायकवार की कहानी संघर्ष और हिम्मत की मिसाल है. दुकान में भीषण आग लगने से करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. दोबारा लोन लेकर उन्होंने अपना फैशन बिजनेस खड़ा किया और आज अच्छी कमाई कर रही हैं. किरण न सिर्फ खुद आत्मनिर्भर बनीं बल्कि 10 महिलाओं को भी रोजगार दे रही हैं. उनकी कहानी बताती है कि अगर हिम्मत और मेहनत हो तो मुश्किल हालात भी सफलता की राह बना सकते हैं.
घर से सिलाई शुरू कर खड़ा किया कारोबार
सिलमपुरा इलाके में रहने वाली किरण रायकवार बताती हैं कि उन्हें बचपन से ही बिजनेस करने का शौक था. पढ़ाई पूरी करने के बाद उनकी शादी हो गई. उनके पति मैजिक वाहन चलाते थे, लेकिन उससे परिवार का खर्च ठीक से नहीं चल पाता था.
ऐसे में किरण ने घर से ही सिलाई का काम शुरू किया. धीरे-धीरे उन्होंने कपड़ों की डिजाइनिंग और फैशन से जुड़ा काम शुरू किया. करीब 25 साल पहले उन्होंने 10 लाख रुपये का लोन लेकर अपनी दुकान की शुरुआत की थी.
आग के बाद फिर से खड़ा किया बिजनेस
साल 2023 में उनकी दुकान में अचानक आग लग गई. इस हादसे में करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ और दुकान का सारा सामान जल गया. लेकिन किरण ने हार नहीं मानी. उन्होंने फिर से 10 लाख रुपये का लोन लिया और अपने बिजनेस को दोबारा शुरू किया. आज उनकी मेहनत रंग ला रही है और वह हर साल करीब 4 से 5 लाख रुपये की कमाई कर रही हैं.
10 महिलाओं को दे रही हैं रोजगार
किरण का कहना है कि उनका सपना सिर्फ खुद आगे बढ़ना नहीं बल्कि दूसरों को भी आगे बढ़ाना है. आज उनकी दुकान में करीब 10 महिलाएं काम करती हैं और रोजगार कमा रही हैं. उनकी दुकान “वतन फैशन गुरुकुल” के नाम से गुजराती समाज मार्केट में संचालित होती है. इस काम में उनके पति कैलाश रायकवार भी उनका पूरा साथ देते हैं.
नेशनल हॉकी खिलाड़ी भी रह चुकी हैं
किरण सिर्फ बिजनेस वुमन ही नहीं बल्कि नेशनल लेवल की हॉकी खिलाड़ी भी रह चुकी हैं. उन्हें बचपन से ही खेलों में काफी रुचि थी और उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया. किरण कहती हैं कि उन्होंने खेल और पढ़ाई दोनों को बराबर महत्व दिया. आज उसी मेहनत और आत्मविश्वास की बदौलत वह अपने जीवन में सफलता हासिल कर पाई हैं. उनकी कहानी उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है जो मुश्किल हालात में भी अपने सपनों को छोड़ना नहीं चाहते.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.