श्रीलंकाई क्रिकेट कोच सुमित फर्नांडो की खिलाड़ियों से बहस के बाद मौत हो गई। फर्नांडो ने श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुसल मेंडिस सहित कई प्रतिभाशाली स्कूली क्रिकेटरों को कोचिंग दी थी।
दो क्रिकेटर की लड़ाई बनी जानलेवा
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने गुरुवार (13 अगस्त) को बताया कि आठ अगस्त को कोलंबो में एक क्रिकेट मैच के दौरान पीने के पानी को लेकर हुए विवाद के बाद दो खिलाड़ियों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान सुमित फर्नांडो भी इस विवाद में शामिल हो गए और कथित तौर पर उन पर हमला किया गया। घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उनका निधन हो गया। फर्नांडो का अंतिम संस्कार गुरुवार को किया गया।
सुमित फर्नांडो पिच क्यूरेटर भी रहे
पुलिस के अनुसार, इस मामले में स्कूल के 17 साल के खिलाड़ी को सोमवार को सुमित फर्नांडो पर कथित हमले के आरोप में गिरफ्तार किया गया। मंगलवार को उसे कोलंबो की एक अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 17 अगस्त तक बाल सुधार गृह में भेज दिया गया। फर्नांडो मोरातुवा स्थित प्रिंस ऑफ वेल्स कॉलेज के पूर्व क्रिकेट कोच रह चुके थे। श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुसल मेंडिस को उनके स्कूली दिनों में कोचिंग दी थी। उनके मार्गदर्शन में कुसल सहित कई प्रतिभाशाली स्कूली क्रिकेटरों ने प्रशिक्षण लिया था। बाद में फर्नांडो ने श्रीलंका की प्रथम श्रेणी क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने वाले ब्लूमफील्ड क्रिकेट एंव एथलेटिक क्लब में क्यूरेटर (पिच प्रभारी) के रूप में भी कार्य किया।
कुसल मेंडिस फिलहाल चोट से जूझ रहे
विकेटकीपर कुसल मेंडिस फिलहाल चोटिल हैं। वह 15 अगस्त से भारत के खिलाफ शुरू होने जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज में श्रीलंका स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं। कुसल चोटिल होने के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। कुसल के बाहर होने से आगामी सीरीज के लिए विकेटकीपर निरोशन डिकवेला की तीन साल बाद श्रीलंका की टेस्ट टीम में वापसी हुई। डिकवेला ने अपना पिछला टेस्ट 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। धनंजय डिसिल्वा कप्तानी करेंगे जबकि ऑलराउंडर कामिंदु मेंडिस उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.