Dada First Look: भारतीय क्रिकेट को एक नई आक्रामकता और बेखौफ अंदाज देने वाले पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का आज जन्मदिन है। इस खास मौके पर क्रिकेट और सिनेमा प्रेमियों को एक बड़ा सरप्राइज मिला है। राजकुमार राव की मच-अवेटेड फिल्म ‘दादा’ का पहला धांसू पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। यह फिल्म सौरव गांगुली की बायोपिक है, जिसमें राजकुमार राव मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
पोस्टर में दिखा लॉर्ड्स का ऐतिहासिक नजारा
रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस पोस्टर में राजकुमार राव, सौरव गांगुली के करियर के सबसे यादगार और ऐतिहासिक पल को रीक्रिएट करते नजर आ रहे हैं। पोस्टर में राजकुमार बिना शर्ट के, हाथ में टीम इंडिया की नीली जर्सी थामे लॉर्ड्स की बालकनी में खड़े हैं और बैकग्राउंड में भारतीय तिरंगा लहरा रहा है। यह हुबहू वही नजारा है जिसने 13 जुलाई 2002 को हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया था। पोस्टर पर एक दमदार लाइन लिखी है कि ‘दादा वो शख्स हैं जिन्होंने सिर्फ क्रिकेट खेला नहीं, बल्कि उसे बदलकर रख दिया।
नेटवेस्ट सीरीज के उस ऐतिहासिक बदले की कहानी
यह पोस्टर साल 2002 की नेटवेस्ट सीरीज के फाइनल की यादें ताजा करता है। इंग्लैंड के 326 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ की जोड़ी ने भारत को एक नामुमकिन जीत दिलाई थी। जीत की खुशी में कप्तान गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी शर्ट उतारकर हवा में लहराई थी। दरअसल, यह इंग्लैंड के एंड्रयू फ्लिंटॉफ को करारा जवाब था, जिन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत को हराने के बाद शर्ट उतारकर जश्न मनाया था। दादा का यह अंदाज भारतीय क्रिकेट की आक्रामक सोच का प्रतीक बन गया था।
गांगुली ने कहा- ‘बेस्ट बर्थडे गिफ्ट’
राजकुमार राव ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ‘हमारे प्यारे दादा को हैप्पी बर्थडे’। इस पर खुद सौरव गांगुली ने बेहद इमोशनल रिएक्शन दिया। दादा ने पोस्टर रीशेयर करते हुए इसे अपना ‘बेस्ट बर्थडे गिफ्ट’ बताया और कहा कि वह राजकुमार राव को अपना कवर शॉट दोहराते देखने के लिए बेहद उत्सुक हैं।
पोस्टर के साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। ‘दादा’ अगले साल 14 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। राजकुमार राव के इस लुक ने फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.