स्कोडा ने भारत में अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट एसयूवी काइलैक का नया स्पोर्टलाइन वेरिएंट लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती कीमत 11.50 लाख रुपये से कम है। आइए डीटेल में जानते हैं इस नए वेरिएंट की खूबियों के बारे में।
स्पोर्टी लुक में आई काइलैक स्पोर्टलाइन
काइलैक स्पोर्टलाइन को रेग्युलर मॉडल से अलग और ज्यादा स्पोर्टी लुक देने के लिए कई कॉस्मेटिक बदलाव किए गए हैं। इसमें ब्लैक ORVMs, ग्लॉसी ब्लैक फ्रंट और रियर डिफ्यूजर और LED प्रोजेक्टर हेडलैंप दिए गए हैं। एसयूवी में ड्यूल-टोन फ्लोटिंग रूफ और 17-इंच के ब्लैक अलॉय व्हील्स भी मिलते हैं। इसके अलावा टेलगेट पर ब्लैक स्कोडा ब्रैंडिंग, स्पोर्टलाइन बैज, रियर स्पॉयलर और C-पिलर पर स्पोर्टलाइन स्टिकर दिए गए हैं। इन बदलावों के कारण काइलैक स्पोर्टलाइन का लुक स्टैंडर्ड वेरिएंट के मुकाबले ज्यादा स्पोर्टी और प्रीमियम लगता है।
केबिन में भी स्पोर्टलाइन ट्रीटमेंट
इंटीरियर में भी कंपनी ने डार्क और परफॉर्मेंस-इंस्पायर्ड थीम का इस्तेमाल किया है। रूफ, डैशबोर्ड और डोर ट्रिम्स में डार्क फिनिश दी गई है। लेदरेट सीट्स पर स्पोर्टलाइन लेबल और कॉन्ट्रास्ट स्टिचिंग मिलती है। इसके अलावा एल्युमिनियम पैडल, एम्बिएंट लाइटिंग, वायरलेस चार्जिंग और इलेक्ट्रिक सनरूफ जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। एसयूवी में Climatronic ऑटोमैटिक AC, 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 8-इंच वर्चुअल कॉकपिट भी मिलता है।
अलग से मिलेगा स्पोर्टलाइन ऐक्सेसरीज पैक
जो ग्राहक काइलैक स्पोर्टलाइन को और ज्यादा स्पोर्टी लुक देना चाहते हैं, उनके लिए कंपनी ने एक अलग स्पोर्टलाइन ऐक्सेसरीज पैक भी लॉन्च किया है। इसमें फ्रंट बंपर कॉर्नर गार्निश, डार्क क्रोम फ्रंट ग्रिल गार्निश, स्कोडा लोगो वाला फेंडर गार्निश और ग्लॉसी ब्लैक बॉडी साइड मोल्डिंग शामिल हैं।
1.0 TSI इंजन के साथ मिलेगी मैनुअल और ऑटोमैटिक
काइलैक स्पोर्टलाइन में कोई मेकैनिकल बदलाव नहीं किया गया है। इसमें वही 1.0-लीटर TSI टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 114bhp की पावर और 178Nm का टॉर्क पैदा करता है। इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलता है।
काइलैक स्पोर्टलाइन की कीमत
काइलैक स्पोर्टलाइन की कीमत 11.32 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है, जबकि इसके ऑटोमैटिक वेरिएंट की कीमत 12.32 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। यानी मैनुअल और ऑटोमैटिक वेरिएंट के बीच 1 लाख रुपये का अंतर है। बताते चलें कि कंपनी ने हाल में स्लाविया का फेसलिफ्ट भी लॉन्च किया है। साथ ही सुपर्ब डीजल से भी पर्दा उठाया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.