भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने शुक्रवार को बताया कि उनकी टीम का लक्ष्य टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह की दौड़ में बने रहना है। गिल भारत के 600वें टेस्ट में बतौर कप्तान उतरेंगे।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए बनाया प्लान
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ”अब मैं कप्तान की भूमिका में सहज हूं। हमारा लक्ष्य विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह की दौड़ में बने रहना है। इसके लिए हमें छह या सात टेस्ट जीतने होंगे। इसलिए हम यहां से शुरुआत करना चाहते हैं।”
600वां मैच खेलेगा भारत
शनिवार से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाला पहला टेस्ट भारत का पारंपरिक प्रारूप में 600वां मैच होगा। भारत ने 1932 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। गिल ने कहा, ”600वें टेस्ट में अपने देश की अगुआई करना सम्मान की बात है और स्वतंत्रता दिवस पर ऐसा करना इससे भी बड़ा सम्मान है।”
गाले को लंबे समय से स्पिनरों के लिए सबसे अच्छी जगहों में से एक माना जाता रहा है और धीमी गेंदबाजी के खिलाफ भारत के हालिया संघर्ष को देखते हुए यह चुनौती और भी अहम हो जाती है। मेहमान टीम ने अपनी तैयारी के दौरान बल्लेबाजों को टर्न लेने वाली पिचों पर अभ्यास कराया। कोलंबो में हुआ अभ्यास मैच स्पिन के खिलाफ एक अहम तैयारी साबित हुआ। गेंदबाजी कोच मोर्न मोर्केल ने तीन बाएं हाथ के स्पिनरों ‘कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और मानव सुथार’ को खिलाने की संभावना का संकेत दिया है, जिनमें से हर एक का गेंदबाजी का तरीका अलग है।
गौतम गंभीर पर रहेंगी नजरें
गंभीर के कार्यकाल में भारत सफेद गेंद (सीमित ओवरों का क्रिकेट) के क्रिकेट में लगभग अजेय टीम रहा है जिसका अंदाजा चैंपियंस ट्रॉफी, एशिया कप और टी20 विश्व कप में उसके खिताबी अभियान से लगाया जा सकता है। लेकिन टेस्ट क्रिकेट की तस्वीर काफी निराशाजनक है। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर क्लीन स्वीप ने भारत की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.