Stock Market : 4G और 5G रेडियो एक्सेस नेटवर्क उपकरण बनाने वाली भारत की अग्रणी कंपनी तेजस नेटवर्क्स के शेयरों में पिछले चार सत्रों से जोरदार उछाल आया है. जब बाजार में गिरावट के दौर में भी इस टाटा ग्रुप शेयर में आया यह उछाल कोई हवा-हवाई नहीं है, इसके पीछे कुछ ठोस कारण है.
तेजस नेटवर्क्स के शेयरों में तेजी का आगाज 26 फरवरी को हुआ.
तेजस नेटवर्क्स के शेयरों में तेजी का आगाज 26 फरवरी को हुआ. 25 फरवरी को तेजस नेटवर्क्स का शेयर महज ₹317.90 पर बंद हुआ था. लेकिन चार दिनों के भीतर ही एक बार तो यह ₹529.65 के स्तर को छू गया. हालांकि, ऊंचे स्तरों पर थोड़ी मुनाफावसूली देखने को मिली और कल यह 1.11% की बढ़त के साथ ₹490.10 पर बंद हुआ. कंपनी का मार्केट कैप अब ₹8,693 करोड़ के पार पहुंच गया है.
एनईसी कॉरपोरेशन से समझौता
कंपनी ने घोषणा की कि उसने वैश्विक दिग्गज एनईसी कॉरपोरेशन के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है. इस डील के तहत तेजस नेटवर्क्स 5G मैसिव मल्टीपुट इनपुट मल्टीपुट आउटपुट (एमआईएमओ) रेडियो का निर्माण और सप्लाई करेगी. जैसे ही यह खबर बाजार में आई निवेशकों का भरोसा इस टाटा ग्रुप की कंपनी पर सातवें आसमान पर पहुंच गया.
मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में भारत का दम
टाटा ग्रुप की यह कंपनी सिर्फ डील तक ही सीमित नहीं रही. 3 मार्च को स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित दुनिया के सबसे बड़े मोबाइल शो, ‘मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस’ में तेजस नेटवर्क्स ने वैश्विक स्तर पर अपनी तकनीक का लोहा मनवाया. कंपनी ने यहां अपना हाइपर स्केलेबल डेटा सेंटर इंटरकनेक्ट (DCI) प्लेटफॉर्म लॉन्च किया. इस लॉन्चिंग ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजस की स्थिति को और मजबूत कर दिया, जिसका सीधा असर इसके शेयर की कीमतों पर दिखाई दिया.
क्या है वह तकनीक जिसने शेयरों में लगा दी आग?
बाजार के विशेषज्ञों का मानना है कि तेजस की असली ताकत उसकी 5G Massive MIMO तकनीक है. सरल शब्दों में कहें तो, एमआईएमओ एक ऐसी एडवांस रेडियो टेक्नोलॉजी है जिसमें दर्जनों छोटे एंटेना लगे होते हैं. यह सटीक सिग्नल भेजती है, जिससे कॉल ड्रॉप कम होती है. यह एक साथ हजारों यूजर्स को हाई-स्पीड डेटा ट्रांसफर करने की क्षमता रखती है. यह तकनीक 5G नेटवर्क की कवरेज और स्पीड को कई गुना बढ़ा देती है.
नए ऑप्टिकल प्रोडक्ट ‘TJ1600-D3’ का जलवा
कंपनी ने मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में अपनी अगली पीढ़ी का वेवलेंथ डिविजन मल्टीप्लेक्सिंग (Wavelength Division Multiplexing) ऑप्टिकल ट्रांसपोर्ट प्रोडक्ट TJ1600-D3 भी पेश किया है. यह प्रोडक्ट डेटा सेंटर के बीच होने वाले भारी-भरकम डेटा ट्रांसफर की जरूरतों को पूरा करता है. आज के समय में जब पूरी दुनिया डेटा और क्लाउड कंप्यूटिंग की ओर बढ़ रही है, तेजस नेटवर्क्स का यह प्रोडक्ट गेम-चेंजर साबित हो सकता है.
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी शेयर के प्रदर्शन के आधार पर है. चूंकि स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिम के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइट इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से सलाह जरूर लें. आपको होने वाले किसी भी नुकसान के लिए News18 हिंदी जिम्मेदार नहीं होगा.)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.