बुनियादी ढांचा विकास कंपनी सीगल इंडिया को उसके संयुक्त उद्यमों के माध्यम से सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से अरुणाचल प्रदेश में एनएच-913 पर सड़क निर्माण के लिए 2,423.70 करोड़ रुपये के पांच ठेके मिले हैं। कंपनी के बृहस्पतिवार को जारी बयान के अनुसार, सीगल इंडिया लिमिटेड और राजिंदर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त उद्यम को एनएच-913 के ‘बाइले-मिग्गिंग’ खंड में 17.812 किलोमीटर से 55.377 किलोमीटर तक के हिस्से में सड़क निर्माण के लिए 274.08 करोड़ रुपये का इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण (ईपीसी) ठेका मिला है। इस संयुक्त उद्यम में सीगल इंडिया की 70 प्रतिशत और राजिंदर इंफ्रास्ट्रक्चर की 30 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
परियोजना में 48 महीने की निर्माण अवधि और उसके बाद पांच साल की रखरखाव अवधि शामिल है। इसके अलावा, सीगल इंडिया को सुशी इंफ्रा एंड माइनिंग लिमिटेड के साथ अपने संयुक्त उद्यम के माध्यम से चार ठेके मिले हैं। इनकी कुल राशि 2,149.62 करोड़ रुपये है।
सीगल इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रमनीक सहगल ने कहा, ‘‘ ये परियोजनाएं क्षेत्र के सबसे दुर्गम इलाकों में लगभग 278 किलोमीटर लंबे मध्यवर्ती मार्ग के निर्माण से जुड़ी हैं। अरुणाचल प्रदेश में इंजीनियरिंग और परियोजना के निष्पादन के लिहाज से विशिष्ट चुनौतियां हैं लेकिन हम गुणवत्ता, सुरक्षा एवं समयबद्ध निष्पादन के उच्चतम मानकों के साथ सभी पांच परियोजनाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही क्षेत्र में संपर्क बढ़ाने और आर्थिक वृद्धि में योगदान देने को भी प्रतिबद्ध हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.