नयी दिल्ली, तीन अगस्त सारदा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड (एसईएमएल) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ लगभग 10 प्रतिशत बढ़कर 478 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 437 करोड़ रुपये था। एसईएमएल ने सोमवार को बयान में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय मामूली बढ़कर 1,717 करोड़ रुपये हो गई, जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 1,713 करोड़ रुपये थी।
शुद्ध लाभ में 113 मेगावाट की सिक्किम जलविद्युत परियोजना की अंतिम परियोजना लागत को नियामकीय मंजूरी मिलने से जुड़े 110 करोड़ रुपये के एकमुश्त शुद्ध लाभ का भी योगदान है। कंपनी के प्रबंध निदेशक पंकज सारदा ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में हमारे एकीकृत कारोबारी मॉडल की मजबूती और अनुशासित क्रियान्वयन देखने को मिला। नियोजित रखरखाव, कुछ अप्रत्याशित परिचालन बाधाओं और मौसमी कारणों से अस्थायी व्यवधानों के बावजूद हमने एकीकृत कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) में सालाना आधार पर 9.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।’’
उन्होंने कहा कि ऊर्जा कारोबार, कंपनी की वृद्धि का प्रमुख आधार बना रहा और एकीकृत ईबीआईटीडीए में इसकी हिस्सेदारी लगभग 70 प्रतिशत रही।
सारदा ने कहा, ‘‘ हमने 478 करोड़ रुपये का अब तक का सर्वाधिक तिमाही शुद्ध लाभ दर्ज किया..’’
वर्ष 1973 में स्थापित सारदा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड एकीकृत ऊर्जा एवं खनिज कंपनी है। इसका कारोबार बिजली उत्पादन, खनन, इस्पात और फेरो मिश्रधातुओं तक फैला हुआ है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.