Samay Raina-Sunil Pal: ‘कॉमेडी किंग’ कहे जाने वाले कपिल शर्मा के शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ पर दो ऐसे सेलिब्रिटी आए जो पिछले साल हर खबर की सुर्खियों में थे। कपिल अपने शो में समय रैना और रणवीर अलाहबादिया को एक साथ लेकर आए जहां दोनों ने दर्शकों को खूब हंसाया। इस बीच, सीनियर कॉमेडियन सुनील पाल ने भी शो में एंट्री ली जहां उनका समय रैना को ‘कॉमेडी का आतंकवादी’ कहने वाला मुद्दा भी उठाया गया।
बता दें कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ कंट्रोवर्सी के बाद ये समय और रणवीर की साथ में पहली पब्लिक अपीयरेंस थी। हालांकि, फैंस को सबसे ज्यादा मजा समय और सुनील पाल की जुगलबंदी देखने में आया।
समय रैना को ‘कॉमेडी का आतंकवादी’ कहा
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के दौरान होस्ट कपिल ने कहा कि सुनील जब भी मंच पर आते हैं तो कहते हैं कि ‘मैं सुनील पाल, कॉमेडी का लाल और यह समय को कॉमेडी का आतंकवादी कहते हैं। ऐसा कौन सा आपने इनको मुंह से ग्रेनेड फेंकते देखा लिया है?’
ये सुनकर सुनील पाल ने कहा कि ‘अगर ये मुंह से ग्रेनेड मार देते तो अच्छा था, लेकिन जो ये मारते हैं वो सहा नहीं जाता’। उन्होंने आगे कहा- ‘जो समझ में नहीं आता वो समाज में नहीं आता और जो समाज में नहीं आता, वो तो आतंकवादी ही होता है ना?’
समय रैना ने सुनील पाल को दिया मजेदार जवाब
इसपर समय रैना कहते हैं कि ‘इन्हें मुझसे इतनी ही दिक्कत है कि मैं क्या कहूं, मुंह से ग्रेनेड मारता हूं। अब मैं क्या बोलूं, बताइए जो भी दिक्कत है।’ समय ने आगे कहा कि कैसे सुनील कहते रहते हैं कि वो मेले में परफॉर्म नहीं करते, उल्टी-सीधी बातें करते हैं। उन्होंने सुनील से कहा- ‘सर मुझे आपसे कोई दिक्कत नहीं है। बस एक ही है, आप ब्रश क्यों नहीं करते हो?’ तब सुनील ने कहा कि ब्रश करने का जमाना चला गया, वो पॉलिश करके आए हैं।
समय रैना ने सुनील पाल से सीखी गालियां?
शो के दौरान सुनील पाल ये भी कहते हैं- अदब की महफिल हो, तो याद करो गालिब को, समय की महफिल हो तो बस गाली बको। इसपर समय ने बड़ा मजेदार जवाब दिया। उन्होंने कहा- ‘जहां तक बात गालियों की है, तो ये मैंने सुनील पाल जी के वीडियो देखकर ही सीखी हैं’। ये सुनकर सुनील हैरान रह गए, कपिल ने भी कहा कि उन्होंने तो कभी गालियां नहीं दी। फिर समय ने कहा- ‘नहीं उन्होंने नहीं दी, इनके वीडियो पर आने वाले कमेंट्स से सीखी हैं’।
आगे जब कपिल शर्मा ने सुनील पाल से पूछा कि वो हाल ही में एक फिल्म प्रीमियर में चप्पल में आए थे, इसके पीछे क्या स्ट्रैटेजी थी। इसपर समय रैना ने कहा- ‘ये चप्पल में ही आते हैं, जूता तो इन्हें पड़ जाता है कहीं से भी’।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.