CSK vs DC Full Match Highlights: IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने जीत का खाता खोल लिया है. चेन्नई ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रनों से हरा दिया है. यह कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के लिए भी बेहद खास जीत है, क्योंकि बतौर कप्तान लगातार 7 हार झेलने के बाद उन्हें पहली जीत नसीब हुई है. चेपॉक स्टेडियम में खेले गए इस मैच में CSK की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 212 रन बनाए थे. जवाब में दिल्ली की टीम 189 रन ही बना सकी. चेन्नई की जीत के सबसे बड़े हीरो संजू सैमसन रहें, जिन्होंने 115 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली.
इंडियन प्रीमियर लीग में ऋतुराज गायकवाड़ बतौर चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान पिछले लगातार 7 मैच हार चुके थे. दूसरी ओर चेन्नई सुपर किंग्स IPL 2026 में लगातार तीन मुकाबले हार चुकी थी, जिनमें उसे राजस्थान, पंजाब और बेंगलुरू ने मात दी थी. आखिरकार आईपीएल 2026 के शुरू होने के दो सप्ताह बाद CSK ने पॉइंट्स टेबल में 2 बहुमूल्य अंक प्राप्त कर लिए हैं.
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए संजू सैमसन ने 115 रनों की शतकीय पारी खेली, यह IPL में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे पहला शतक रहा. वहीं युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने 59 रन बनाए, लेकिन टीम ने उन्हें रिटायर्ड आउट करके वापस बुलाया लिया था. शिवम दुबे ने 10 गेंद में 20 रन बनाए. इस तरह चेन्नई 212 रनों तक पहुंची.
दिल्ली कैपिटल्स की टीम लक्ष्य का पीछा करने आई तो पथुम निसांका ने कोहराम मचाते हुए 24 गेंद में 41 रन बनाए. उन्होंने केएल राहुल के साथ मिलकर 61 रनों की साझेदारी की. दिल्ली ने 5 ओवर में ही 61 रन बना डाले थे. उसके बाद चेन्नई के तेज गेंदबाजों ने अगले 15 रन के भीतर दिल्ली के 4 बल्लेबाजों को आउट करके उसे बैकफुट पर भेज दिया. डेविड मिलर ने 17 रन और आशुतोष शर्मा ने 19 रन बनाए.
ट्रिस्टन स्टब्स की अर्धशतकीय पारी दिल्ली के काम नहीं आई. उन्होंने 38 गेंद में 60 रन बनाए. एक समय स्टब्स ने दिल्ली की जीत की उम्मीद बांधी हुई थी, लेकिन जेमी ओवरटन ने उनका विकेट लेकर चेन्नई की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी थी. CSK के लिए सबसे ज्यादा विकेट जेमी ओवरटन ने लिए, जिन्होंने 4 बल्लेबाजों को आउट किया, वहीं अंशुल कंबोज ने 3 विकेट चटकाए.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.