रॉयल एनफील्ड की आने वाली सबसे धांसू बाइक हिमालयन 750 का इंतजार लंबे समय से हो रहा है। पिछले कुछ सालों में भारत और विदेशों में इसकी टेस्टिंग की तस्वीरें कई बार सामने आ चुकी हैं।
क्या है वायरल तस्वीरों में?
वायरल तस्वीरों में दिख रहा है कि हिमालयन 750 के कई सारे प्रोटोटाइप एक रिसाइकलिंग करने वाले सेंटर पर रखे हुए हैं। rushlane में छपी एक खबर के अनुसार, माना जा रहा है कि यह तस्वीरें यूरोप की हैं। ब्रिटेन में रॉयल एनफील्ड का अपना टेक्नोलॉजी सेंटर है, जहां गाड़ियों की रिसर्च और टेस्टिंग होती है। इन बाइक्स ने शायद अपना टेस्टिंग का काम पूरा कर लिया था। किसी भी नई बाइक को सड़कों पर उतारने से पहले हजारों किलोमीटर तक हर मौसम और रास्ते पर घिसा जाता है।
सोशल मीडिया पर भी वायरल
सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि इतनी अच्छी गाड़ियों को कबाड़ में फेंकने के बजाय कंपनी लोगों को ऐसे ही दे देती! लेकिन ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री का यह पक्का नियम है कि टेस्टिंग वाली गाड़ियों को कभी बेचा या बांटा नहीं जाता। ये गाड़ियां कंपनी के फाइनल मॉडल जैसी दिखती जरूर हैं, लेकिन इनके अंदर एक्सपेरिमेंटल पार्ट्स, कच्चे सॉफ्टवेयर और शुरुआती दौर के फ्रेम लगे होते हैं।
क्या होता है टेस्टिंग का नियम?
नियम के अनुसार, काम खत्म होते ही ऐसी बाइक्स के कलपुर्जे अलग करके उन्हें खत्म कर दिया जाता है। लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि हिमालयन 750 का प्रोजेक्ट रुक गया है या गाड़ी में कोई खराबी आ गई है। यह बाइक पूरी तरह तैयार हो रही है और यह रॉयल एनफील्ड की अब तक की सबसे पावरफुल एडवेंचर बाइक होगी। यह नई बाइक हिमालयन 450 से काफी ऊपर और ज्यादा दमदार होगी। इसमें बड़ा फ्यूल टैंक, बड़ी विंडस्क्रीन, तगड़े सस्पेंशन और फ्रंट में दो डिस्क ब्रेक जैसे एडवांस फीचर्स देखने को मिलेंगे।
कब हो सकती है एंट्री?
हिमालयन 750 में कंपनी का नया और बड़ा पैरेलल-ट्विन इंजन इस्तेमाल होगा। इसका इस्तेमाल आने वाले दिनों में कंपनी की दूसरी बड़ी बाइकों में भी किया जाएगा। रॉयल एनफील्ड अपनी इस नई फ्लैगशिप बाइक को ग्लोबल मार्केट में उतारने की पूरी तैयारी में है। अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक रहा, तो इस धाकड़ बाइक को नवंबर 2026 में होने वाले मशहूर EICMA ऑटो शो में पहली बार दुनिया के सामने पेश किया जा सकता है।
(फोटो क्रेडिट- rushlane)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.