- कॉपी लिंक
रॉयल एनफील्ड ने अपने नए मॉडल ‘बुलेट 650’ को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती कीमत ₹3.65 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है। कीमत के मामले में यह बाइक हाल ही में आई क्लासिक 650 ट्विन के शुरुआती कलर्स के बराबर है, लेकिन उसके टॉप-स्पेक क्रोम वेरिएंट से काफी सस्ती है। इसमें दो कलर ऑप्शन कैनन ब्लैक और बैटलशिप ब्लू मिलेंगे।
क्लासिक 650 जैसी कीमत, पर लुक में किए गए हैं कई बदलाव
नई बुलेट 650 को रॉयल एनफील्ड ने अपने 650cc पैरेलल-ट्विन पोर्टफोलियो में सातवें मॉडल के रूप में जोड़ा है। जिस तरह बाजार में 350cc सेगमेंट के अंदर बुलेट 350 और क्लासिक 350 काफी चीजें शेयर करती हैं, ठीक वैसा ही फॉर्मूला कंपनी ने यहां भी अपनाया है।
बुलेट 650 के ज्यादातर मैकेनिकल पार्ट्स क्लासिक 650 ट्विन जैसे ही हैं, लेकिन इसके डिजाइन और स्टाइलिंग में बुलेट की पारंपरिक पहचान को बनाए रखने के लिए कुछ खास बदलाव किए गए हैं।
क्लासिक लुक के लिए क्रोम हेडलाइट हुड और पारंपरिक टेल-लाइट
बाइक में क्लासिक लुक देने के लिए क्रोम हेडलाइट हुड और पारंपरिक टेल-लाइट दी गई है। इसके अलावा, बुलेट की पहचान माने जाने वाले हाथ से पेंट किए गए पिनस्ट्राइप्स (मडगार्ड और टैंक पर सुनहरी धारियां) और फ्यूल टैंक पर मेटल का सिग्नेचर बैज दिया गया है। क्लासिक 650 के मुकाबले इसका रियर फेंडर (पीछे का मडगार्ड) ज्यादा स्क्वेयर्ड-ऑफ यानी चौकोर डिजाइन में आता है, जो इसे पुरानी बुलेट वाला लुक देता है।

लंबी दूरी के सफर के लिए मिलेगी ज्यादा आरामदायक सिंगल-पीस सीट
बुलेट 650 में जो सबसे बड़ा और व्यावहारिक बदलाव किया गया है, वो है इसकी सीट। क्लासिक 650 में जहां रिमूवेबल पिलियन सीट (पीछे की सीट हटाने का विकल्प) मिलती है, वहीं बुलेट 650 में कंपनी ने सिंगल-पीस स्टेप्ड सीट दी है। माना जा रहा है कि यह सीट बाइक चलाने वाले और पीछे बैठने वाले (पिलियन) दोनों के लिए लंबी दूरी के सफर में क्लासिक के मुकाबले ज्यादा आरामदायक साबित होगी।
इसके अलावा बाइक का इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर डिजी-एनालॉग ही रखा गया है, जिसमें फ्यूल गेज और ओडोमीटर के लिए एक छोटी डिजिटल डिस्प्ले मिलती है। बाइक के हैंडल पर पॉलिश्ड एल्युमिनियम स्विचगियर दिए गए हैं जो इसके प्रीमियम लुक को बढ़ाते हैं।

648cc का पुराना भरोसेमंद इंजन, जो जनरेट करेगा 47hp की पावर
इंजन की बात करें तो बुलेट 650 में कंपनी का आजमाया हुआ 648cc का पैरेलल-ट्विन, एयर/ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है। यह इंजन 47hp की अधिकतम पावर और 52Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इस दमदार इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
सस्पेंशन ड्यूटी के लिए बाइक के फ्रंट में 120mm ट्रैवल के साथ शोवा टेलिस्कोपिक फोर्क और रियर में 90mm ट्रैवल के साथ ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं, जो खराब रास्तों पर भी बेहतर राइडिंग एक्सपीरियंस देने का दावा करते हैं।
ये कंपनी की सबसे सस्ती लॉन्ग-व्हीलबेस 650cc बाइक
₹3.65 लाख की कीमत के साथ यह बाइक क्लासिक 650 के टॉप-एंड क्रोम वेरिएंट से करीब ₹14,000 सस्ती है। इसी के साथ यह रॉयल एनफील्ड के लॉन्ग-व्हीलबेस 650 प्लेटफॉर्म पर आधारित सबसे किफायती मॉडल बन गई है। आपको बता दें कि इसी प्लेटफॉर्म पर कंपनी की सुपर मीटियर 650, शॉटगन 650 और क्लासिक 650 ट्विन भी बेस्ड हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
