यूपी एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने फिल्म मेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले में 9वीं गिरफ्तारी की है। पुलिस ने आगरा से आरोपी प्रदीप कुमार उर्फ गांठ को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी कुख्यात शुभम लोणकर गैंग का सदस्य बताया जा रहा है। गुरुवार दोपहर आगरा-एटा रोड के पास से उसे दबोचा गया। पूछताछ में प्रदीप ने बताया कि वह फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए शुभम लोणकर गैंग के संपर्क में आया था। सोशल मीडिया पर ही उसे गैंग की गतिविधियों के लिए ‘रेडिकलाइज’ किया गया। प्रदीप ने कबूल किया कि उसने अपने साथियों सनी, दीपू और सोनू के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम दिया। उसका मकसद अंडरवर्ल्ड में अपना ‘दबदबा’ कायम करना था। अब तक 9 गिरफ्तार, मकोका के तहत केस दर्ज
रोहित शेट्टी केस में यह 9वीं गिरफ्तारी है। इससे पहले पुलिस प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू, दीपक और विष्णु कुशवाहा समेत 8 लोगों को अलग-अलग राज्यों से पकड़ चुकी है। मुंबई पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) जैसी सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी को अब ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया जाएगा। 1 फरवरी को हुई थी फायरिंग
पूरा मामला 1 फरवरी 2026 की रात का है। मुंबई के जुहू इलाके में स्थित ‘शेट्टी टावर’ पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि यह हमला शुभम लोणकर गैंग ने करवाया था। हमलावरों का मकसद फिल्म इंडस्ट्री में डर फैलाना और वसूली करना था। इस घटना के बाद से ही मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच इस गैंग के गुर्गों की तलाश में जुटी हुई थी। फियर साइकोसिस पैदा करना था मकसद
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुभम लोणकर गैंग फिल्म जगत के बड़े नामों को निशाना बनाकर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है। रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के पीछे भी यही मंशा थी कि इंडस्ट्री और आम जनता के बीच खौफ पैदा किया जा सके। फिलहाल, गिरफ्तार प्रदीप को बाह पुलिस स्टेशन में मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां से कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.