चाय में चीनी की जगह गुड़ डालना या कॉफी में खजूर मिलाना आजकल काफी पसंद किया जा रहा है। लेकिन क्या ये ऑप्शंस सच में हेल्दी हैं? डॉक्टर रोहिणी पाटिल ने मीठे से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए हैं।
आजकल लोग अपनी चाय या कॉफी में सफेद चीनी की जगह गुड़, खजूर या दूसरे स्वीटनर्स यूज करने लगे हैं। कुछ लोगों को लगता है कि नेचुरल चीजों से मिलने वाली मिठास ज्यादा अच्छी होती है और इससे वजन बढ़ने या डायबिटीज का खतरा भी कम हो सकता है।
लेकिन क्या ऐसा सच में है?
न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. रोहिणी पाटिल के अनुसार, सिर्फ चीनी बदल देने से मीठा हेल्दी नहीं हो जाता। गुड़, नारियल चीनी और खजूर में भी शुगर होती है। इसलिए सबसे जरूरी है कि आप मीठा कितना और कितनी बार खा रहे हैं। तो अगर आप भी चीनी की जगह कुछ और लेना शुरू कर चुके हैं, तो पहले इन बातों को समझ लें।
1. क्या कॉफी में चीनी की जगह खजूर डाल सकते हैं?
हां, कॉफी को मीठा करने के लिए खजूर का इस्तेमाल किया जा सकता है। खजूर नेचुरली मीठे होते हैं और इनमें थोड़ा फाइबर, पोटैशियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट भी पाए जाते हैं। डॉ. पाटिल के अनुसार, मेडजूल खजूर कॉफी के लिए सबसे अच्छे हो सकते हैं। ये काफी सॉफ्ट और मीठे होते हैं, इसलिए कम मात्रा में भी कॉफी मीठी हो सकती है।
2. गर्म चाय या कॉफी में आर्टिफिशियल स्वीटनर डालना सही है?
- हर आर्टिफिशियल स्वीटनर गर्म करने पर एक जैसा नहीं रहता। अलग-अलग स्वीटनर पर हीट का असर भी अलग हो सकता है।
- जैसे सुक्रालोज आम तौर पर गर्मी को काफी हद तक सह सकता है, लेकिन बहुत ज्यादा तापमान पर इसमें कुछ बदलाव हो सकते हैं। इसलिए अगर आप किसी स्वीटनर को चाय, कॉफी या बेकिंग में इस्तेमाल करते हैं, तो उसके पैकेट पर दी गई जानकारी जरूर पढ़ें।
3. पैकेट वाले खाने में छिपी चीनी कैसे पहचानें?
सिर्फ पैकेट के सामने लिखी बातों पर भरोसा ना करें। खाने की चीज खरीदते समय पीछे लिखी सामग्री की सूची भी जरूर पढ़ें। चीनी कई अलग-अलग नामों से लिखी हो सकती है।
- जैसे: सुक्रोज, ग्लूकोज, फ्रुक्टोज, डेक्सट्रोज, माल्टोज, कॉर्न सिरप, चावल का सिरप, माल्ट सिरप, शहद, गुड़, फलों का रस।
4. क्या गुड़ या कोकोनट शुगर से डायबिटीज का खतरा कम होगा?
सिर्फ सफेद चीनी की जगह गुड़ या कोकोनट शुगर लेने से डायबिटीज का खतरा बहुत कम नहीं हो जाता। इनमें कुछ मिनरल्स जरूर होते हैं, लेकिन इनमें भी काफी शुगर और कैलोरी होती है।
5. फिर खाने में मिठास कैसे बढ़ाएं?
- डॉ. पाटिल की सलाह है कि हर चीज में चीनी का विकल्प ढूंढने के बजाय धीरे-धीरे मीठा खाने की आदत कम करें। अगर खाने में थोड़ी मिठास चाहिए तो केले, सेब, बेरीज, पका आम या खजूर जैसे फल यूज कर सकते हैं। इनसे मिठास के साथ कुछ पोषक तत्व और फाइबर भी मिलता है।
- चाय या कॉफी में मिठास बढ़ाने के लिए इलायची, वनीला या बिना चीनी वाला कोको भी इस्तेमाल कर सकते हैं। कम कैलोरी वाला ऑप्शन चाहिए तो थोड़ी मात्रा में स्टीविया भी लिया जा सकता है।
क्या समझे?
गुड़, खजूर या कोकोनट शुगर को चीनी का ऐसा ऑप्शन ना समझें जिसे आप बिना मात्रा देखे खा सकते हैं। मीठा चाहे किसी भी चीज से आए, ज्यादा मात्रा में लेना सही नहीं है। इसलिए मीठे की मात्रा धीरे-धीरे कम करें और जहां पॉसिबल हो, फलों जैसी नेचुरल चीजों से स्वाद में मिठास लाएं। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए अन्य डॉक्टर से सलाह ले सकते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.