REDMI Note 15 SE 5G Review: यह फोन 50 मेगापिक्सल के एआई ड्यूल कैमरा, 3D कर्व्ड डिस्प्ले और 5800mAh की EV-Grade बैटरी जैसे फीचर्स से लैस है। हमनें इस स्मार्टफोन को काफी समय तक यूज किया और अब आपके लिए इसका एक लॉन्ग टर्म रिव्यू लेकर आए हैं।
डिजाइन और डिस्प्ले
फोन को पहली बार हाथ में लेने पर यह काफी प्रीमियम महसूस होता है। इसकी मोटाई सिर्फ 7.35mm तक है और वजन भी ज्यादा नहीं है। कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले इसकी सबसे बड़ी खूबियों में से एक है। 6.77 इंच की बड़ी स्क्रीन वीडियो देखने, सोशल मीडिया यूज करने और गेमिंग के दौरान शानदार एक्सपीरियंस देती है। 3200 निट्स की पीक ब्राइटनेस का फायदा धूप में साफ दिखाई देता है। बाहर तेज रोशनी में भी स्क्रीन के कॉन्टेंट को देखने या पढ़ने में कोई परेशानी नहीं होती। 120Hz रिफ्रेश रेट की वजह से स्क्रॉलिंग और ऐप्स का इस्तेमाल काफी स्मूद लगता है। इस कीमत में इतना अच्छा डिस्प्ले मिलना फोन की बड़ी खासियत है।
परफॉर्मेंस भी दमदार
रेडमी नोट 15 SE 5G में Snapdragon 6 Gen 3 प्रोसेसर दिया गया है। डेली यूज के काम जैसे WhatsApp, Instagram, YouTube, वेब ब्राउजिंग और मल्टीटास्किंग में फोन बिल्कुल भी परेशानी नहीं देता। ऐप्स तेजी से खुलते हैं और नॉर्मल यूज के दौरान कोई लैग महसूस नहीं होता। गेमिंग की बात करें तो BGMI, Free Fire और Call of Duty जैसे गेम्स आसानी से खेले जा सकते हैं। हालांकि, यह हार्डकोर गेमर्स के लिए फ्लैगशिप परफॉर्मेंस वाला फोन नहीं है, लेकिन इस बजट में इसके परफॉर्मेंस बेहतरीन कहने में हमें कोई परेशानी नहीं।
कैमरा भी तगड़ा
फोन में 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा दिया गया है। डे लाइट में तस्वीरें अच्छी डिटेल और नैचुरल कलर्स के साथ आती हैं। HDR मोड भी ठीक तरह से काम करता है। पोर्ट्रेट फोटोज में बैकग्राउंड ब्लर इफेक्ट अच्छा मिलता है। रात में कैमरे का परफॉर्मेंस ठीक-ठाक कहा जा सकता है। नाइट मोड फोटोज को बेहतर बनाता है, लेकिन इसकी क्वॉलिटी को और बेहतर किया जा सकता था। 20 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सोशल मीडिया और वीडियो कॉलिंग के लिए अच्छा काम करता है।
बैटरी और चार्जिंग
फोन में कंपनी EV-grade बैटरी ऑफर कर रही है। यह 5800mAh की है, जो इस फोन का एक और बड़ा प्लस पॉइंट है। नॉर्मल यूज में यह आसानी से डेढ़ दिन तक चल सकती है। जो लोग ज्यादा वीडियो देखते हैं या लगातार सोशल मीडिया इस्तेमाल करते हैं, उन्हें एक बार फोन को थोड़ा और चार्ज करने की जरूरत पड़ सकती है। 45W फास्ट चार्जिंग फोन को जल्दी चार्ज करने में मदद करती है। अच्छी बात यह है कि चार्जर बॉक्स में ही दिया जा रहा है, जो आजकल कई कंपनियां नहीं देतीं।
खरीदना चाहिए या नहीं?
अगर आपका बजट 20,000 से 23,000 रुपये के बीच है और आप एक ऐसा स्मार्टफोन चाहते हैं जिसमें शानदार AMOLED डिस्प्ले, लंबी बैटरी लाइफ, भरोसेमंद परफॉर्मेंस, 5G कनेक्टिविटी और लंबे समय तक सॉफ्टवेयर अपडेट्स मिलें, तो REDMI Note 15 SE 5G एक मजबूत विकल्प साबित हो सकता है। यह फोन किसी एक फीचर पर नहीं, बल्कि हर विभाग में संतुलित प्रदर्शन देने की कोशिश करता है। यही वजह है कि यह छात्रों, ऑफिस यूजर्स और सामान्य स्मार्टफोन खरीदारों के लिए एक ऑलराउंडर पैकेज बनकर सामने आता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.