Aloo Chips Recipe: होली पर आलू चिप्स बनाने की परंपरा तो पुरानी है. लेकिन, विंध्य क्षेत्र में महिलाएं खास तरीके से पूरे साल के लिए चिप्स बनाकर रख लेती हैं. इन आलू चिप्स को बनाना तो बेहद आसान है ही इन्हें सुरक्षित रखना भी कोई बड़ा काम नहीं. यही वजह है कि सीधी के अधिकतर घरों में इन दिनों खूब चिप्स बनाए जा रहे हैं. आप भी जानें तरीका…
बाद में तेज धूप में सुखाया जाता है, जिससे चिप्स का प्राकृतिक स्वाद बरकरार रहता है. यही वजह है कि गांवों में आज भी लोग घर के बने इन चिप्स को ज्यादा पसंद करते हैं. सीधी की रहने वाली रसोइया प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को बताया कि फागुन का समय चिप्स बनाने के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है. इस दौरान महिलाएं एक साथ बैठकर बड़ी मात्रा में आलू छीलती हैं और चिप्स तैयार करती हैं. एक-दो दिन की मेहनत के बाद साल भर के नाश्ते के लिए चिप्स स्टोर कर लिए जाते हैं. हालांकि, स्टोर करने का तरीका भी थोड़ा अलग है.
ऐसे काटें, फिर रखें
प्रियंका सिंह के मुताबिक, घर पर चिप्स बनाने की प्रक्रिया बेहद आसान है. सबसे पहले बड़े और ताजे आलू को छीलकर पतले स्लाइस (गोल आकार) में काट लिया जाता है. इसके बाद इन्हें 3 से 4 बार पानी से धोया जाता है, ताकि आलू का स्टार्च निकल जाए. फिर इन स्लाइस को उबलते पानी में 2 से 3 मिनट तक उबाला जाता है. चाहें तो इसमें थोड़ा सेंधा नमक भी डाला जा सकता है. उबालने के बाद चिप्स को छलनी से छानकर साफ कपड़े या प्लास्टिक शीट पर फैलाकर तेज धूप में सुखाया जाता है. आमतौर पर 1-2 दिन की तेज धूप में चिप्स पूरी तरह सूख जाते हैं. सूखने के बाद इन्हें एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखा जाता है. सही तरीके से रखे सूखे चिप्स एक साल तक खराब नहीं होते.
बाजार वाले चिप्स से बढ़िया!
जब खाने का मन हो, तो कढ़ाई में तेल गर्म करके इन सूखे चिप्स को तल लिया जाता है. गर्म तेल में डालते ही चिप्स फूलकर कुरकुरे हो जाते हैं. इन्हें हल्का सुनहरा होने तक तलकर टिश्यू पेपर पर निकाल लिया जाता है, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए. प्रियंका सिंह के मुताबिक, घर पर बने ये चिप्स न सिर्फ स्वाद में बेहतर होते हैं, बल्कि बाजार के पैकेट वाले चिप्स की तुलना में ज्यादा हेल्दी भी होते हैं. यही वजह है कि विंध्य के गांवों में आज भी यह पारंपरिक तरीका लोगों की रसोई का अहम हिस्सा बना हुआ है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.