आमतौर पर झोली दही से बनाई जाती है, लेकिन पहाड़ों में टमाटर की झोली भी बहुत पसंद की जाती है. इसका स्वाद खट्टा-मीठा और हल्का मसालेदार होता है. यह खाने में हल्की होती है और चावल या रोटी के साथ बहुत अच्छी लगती है.
मुख्य सामग्री
ताजे लाल टमाटर: 4-5 (मोटे कटे हुए)
प्याज: 1 बड़ा (बारीक कटा हुआ)
बेसन: 2-3 चम्मच
तेल: 2 चम्मच (सरसों का तेल बेस्ट रहेगा)
मसाले: नमक, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला.
हरा धनिया: गार्निशिंग के लिए.
कैसे बनाए टमाटर की झोली
झोली बनाने के लिए सबसे पहले 4 से 5 ताजे और लाल टमाटर ले लें. उन्हें अच्छे से धोकर साफ करें और फिर टमाटरों को मोटा-मोटा काट लें. आप चाहें तो प्याज भी ले सकते हैं. एक या दो बड़े प्याज को छीलकर बारीक काट लें. इसके बाद सबसे पहले एक कढ़ाई लें और उसमें तेल गर्म करें. जब तेल से धुआं निकलने लगे, तो उसमें चुटकी भर जखिया (पहाड़ी तड़का) या जीरा डालें. अब इसमें बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें.
जैसे ही प्याज भून जाए, इसमें कटे हुए टमाटर डाल दें. यहीं पर स्वादानुसार नमक मिला दें. नमक न केवल स्वाद बढ़ाएगा, बल्कि टमाटरों को जल्दी गलने में भी मदद करेगा. मध्यम आंच पर टमाटरों को तब तक पकाएं जब तक कि वे पूरी तरह नरम न हो जाएं और एक अच्छी महक न आने लगे.
बेसन का घोल: झोली की जान
अब झोली को गाढ़ा बनाने के लिए बेसन का घोल तैयार करें. एक कटोरी में दो से तीन चम्मच बेसन लें. उसमें धीरे-धीरे पानी डालें और अच्छी तरह मिलाएं. ध्यान रखें कि घोल में कोई गुठली न रहे. घोल चिकना और पतला होना चाहिए. जब टमाटर अच्छे से पक जाएं, तब यह बेसन का घोल कढ़ाई में डाल दें. घोल डालते समय लगातार चलाते रहें ताकि बेसन नीचे चिपके नहीं.
मसाले डालने के बाद झोली को 5 से 7 मिनट तक पकाएं
अब इस मिश्रण को कुछ देर तक पकने दें. बेसन पकते-पकते झोली को गाढ़ा कर देगा. अगर झोली ज्यादा गाढ़ी लगे तो आप थोड़ा सा गरम पानी भी मिला सकते हैं। अब इसमें स्वाद अनुसार मसाले डालें. आप हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और थोड़ा सा गरम मसाला डाल सकते हैं. अगर चाहें तो ऊपर से हरा धनिया भी डाल सकते है. मसाले डालने के बाद झोली को 5 से 7 मिनट तक और पकाएं.
ऐसे दें फाइनल टच
जब झोली से अच्छी खुशबू आने लगे और तेल थोड़ा ऊपर दिखने लगे, तो समझिए आपकी टमाटर की झोली तैयार है. गैस बंद कर दें. गरमा-गरम टमाटर की झोली को चावल या रोटी के साथ परोसें. यह डिश बनाने में आसान है और खाने में बहुत स्वादिष्ट लगती है. पहाड़ों की यह खास रेसिपी सादगी और स्वाद का सुंदर मेल है. इसे आप अपने घर पर बनाकर पहाड़ी स्वाद का आनंद ले सकते हैं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.