Tomato Grape Chutney Recipe: बाजार में मिलने वाली सॉस और जैम बच्चों की सेहत बिगाड़ सकती हैं, क्योंकि उनमें ढेर सारी चीनी और केमिकल्स होते हैं. लेकिन आपको फिक्र करने की जरूरत नहीं है आप घर पर ही बिना चीनी के, अंगूर और टमाटर से बहुत ही स्वादिष्ट चटनी बना सकते है. अंगूर की कुदरती मिठास इस चटनी को इतना टेस्टी बना देती है कि बच्चे मार्केट के जैम भूल जाएंगे. यह रेसिपी न केवल सेहतमंद है, बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है. जानिए कैसे आप सिर्फ 10 मिनट में ये टेस्टी चटनी तैयार कर सकते हैं.
चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस चटनी को बनाने के लिए आपको ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं है. बस 3 से 4 पके हुए लाल टमाटर और एक कटोरी मीठे अंगूर ले लें. सबसे पहले टमाटरों को अच्छे से धो लें ताकि उनमें लगी मिट्टी साफ हो जाए. फिर उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसी तरह अंगूरों को भी धोकर बीच से काट लें. अगर अंगूर में बीज हैं, तो उन्हें निकाल देना बेहतर रहता है.
चटनी बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
• सबसे पहले गैस पर एक कड़ाही रखें और उसमें एक छोटा चम्मच तेल डालें. तेल गरम होने पर इसमें आधा चम्मच जीरा डाल दें.
• जब जीरा भुन जाए, तो कटे हुए टमाटर और अंगूर डाल दें. अब स्वाद के अनुसार नमक और एक चुटकी लाल मिर्च डालें. बच्चों के लिए बना रही हैं, तो मिर्च न डालना ही बेहतर है.
• अब इस मिश्रण को मध्यम आंच पर पकाएं. कुछ ही मिनटों में टमाटर और अंगूर नरम होकर अपना रस छोड़ने लगेंगे. जब ये पूरी तरह गल जाएं, तब गैस बंद कर दें.
क्यों है यह बच्चों के लिए खास?
यह चटनी स्वाद में हल्की मीठी और खट्टी होती है. इसमें अलग से चीनी डालने की जरूरत नहीं होती क्योंकि अंगूर की प्राकृतिक मिठास ही पर्याप्त है. आप इसे पराठे, ब्रेड, पकौड़े या बच्चों के टिफिन में दे सकती हैं. यह बच्चों के लिए स्वादिष्ट भी है और सेहत के लिए पूरी तरह सुरक्षित भी. घर की बनी चीजें हमेशा बेहतर होती हैं, इसलिए इस बार बाजार के बजाय यह विकल्प जरूर आजमाएं.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.