आज रक्षाबंधन का त्योहार है। ऐसे में हम आपको क्रिकेट जगत से जुड़ी ऐसी कहानी बता रहे हैं, जिसमें एक बहन की पहल ने भाई को बड़ा क्रिकेटर बनने में मदद की और अब वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धमाल मचा रहा है।
बहन ने पैसे उधार लेकर खरीदा था पहला बल्ला
दिनुशा के भरोसेमंद कोच अशान प्रियंजन ने पीटीआई से कहा, ”उसे बास्केटबॉल में दिलचस्पी थी। वह बहुत लगन से अभ्यास करता था। लेकिन उसके स्कूल के कोच सुसंथा फेलिक्स डियास ने उसे क्रिकेट खेलते हुए देखकर क्रिकेट टीम में शामिल कर लिया। उसके पास बल्ला या अन्य कोई सामान नहीं था।” उन्होंने कहा, ”उसकी बहन ने कुछ पैसे उधार लेकर उसके लिए बल्ला खरीदा। यह उसका पहला क्रिकेट बल्ला था। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। वह अपने पिता, माता और भाई-बहनों से बहुत जुड़ा हुआ है। मुझे लगता है कि वह क्रिकेट से भी उसी तरह जुड़ा हुआ है।”
मैच से पहले दिनुशा ने क्या कहा था?
भारत के खिलाफ टेस्ट मैच शुरू होने से कुछ दिन पहले दिनुशा ने प्रियांजन को फोन किया था।प्रियांजन ने कहा, ”उसने कहा, ‘सर, भारत के पास हर तरह के स्पिनर हैं। हमें अच्छी तैयारी करनी होगी।’ यही हमारी चर्चा का मुख्य बिंदु था। वह हर मैच से पहले मुझे फोन करता है।” दिनुशा की कड़ी मेहनत आखिर में रंग लाई और उन्होंने भारत के स्पिनरों रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार (सभी बाएं हाथ के स्पिनर) और सारांश जैन (ऑफ-स्पिनर) के खिलाफ स्वीप शॉट का शानदार नमूना पेश करते हुए उन्हें कुंद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
2 मैचों की सीरीज में 420 रन बनाए, स्वीप शॉट का दिखा कमाल
दिनुशा ने गॉल और कोलंबो टेस्ट मैचों में कुल 420 रन बनाए, जिनमें से 173 रन स्वीप शॉट से आए। इस तरह से उन्होंने किसी एक टेस्ट सीरीज में स्पिन के खिलाफ स्वीप शॉट खेलते हुए सबसे अधिक रन बनाने के मामले में जो रूट (160 रन) को पीछे छोड़ दिया। यह 25 वर्षीय खिलाड़ी कड़ी मेहनत करने में विश्वास रखता है और यही वजह है कि प्रियांजन को दिनुशा की भारतीय स्पिनरों के खिलाफ मिली सफलता पर आश्चर्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा, ”मैंने उसे पहली बार स्कूल क्रिकेटर के रूप में देखा था। तब वह 11 या 12 साल का था, लेकिन उस उम्र में भी क्रिकेट के प्रति उसका उत्साह और समर्पण सराहनीय था।” उन्होंने कहा, ”मैंने एक बार उससे कहा था कि स्पिनरों के खिलाफ सफल होने के लिए उन्हें स्वीप शॉट अच्छी तरह से खेलना आना चाहिए। इसके बाद से ही उसने लगभग दो घंटे नेट पर सिर्फ स्वीप शॉट का अभ्यास किया।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.