देवदत्त पडिक्कल ने रविवार को भारत ए की दूसरी पारी में संयमित अर्धशतक जड़ा जिसके बाद श्रीलंका ए के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खराब मौसम की वजह से चौथे और अंतिम दिन ड्रॉ पर छूटा।
भारत ए ने दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 48 रन से खेलना शुरू किया और पडिक्कल ने 101 गेंद में पांच चौकों की मदद से 67 रन बनाए।
आयुष पांडे (38) और हर्ष दुबे (29) ने भी योगदान दिया जिससे भारत ए ने 57 ओवर में आठ विकेट पर 189 रन बनाकर अपनी दूसरी पारी घोषित की और श्रीलंका ए के सामने जीत के लिए 312 रन का लक्ष्य रखा।
श्रीलंका ए के लिए बाएं हाथ के स्पिनर दिलुम सुदीरा ने भारत ए की दूसरी पारी में 49 रन देकर पांच विकेट लिए।
इस लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ए ने 15 ओवर में दो विकेट गंवाकर 70 रन बनाए। वहीं बारिश के कारण खेल काफी देर तक रुका रहा।
श्रीलंका ए की दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज पवनथा वीरासिंघे ने 10 रन, नुवानिदु फर्नांडो ने नाबाद 16 रन और एशेन बंडारा ने नाबाद 18 रन बनाए।
भारत ए के लिए पहली पारी में 58 रन देकर चार विकेट झटकने वाले जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने 18 रन देकर और हर्ष दुबे ने 25 रन देकर एक एक विकेट झटका।
दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा अनौपचारिक टेस्ट मैच दो से पांच जुलाई तक यहीं खेला जाएगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.