महाराष्ट्र में लोक सेवा आयोग (MPSC) की परीक्षाओं के पैटर्न में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का विरोध तेज हो गया है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हजारों छात्र सड़कों पर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं. यह नाराजगी सिर्फ किसी एक परीक्षा या भर्ती को लेकर नहीं है, बल्कि पूरे सिस्टम से टूटे भरोसे का नतीजा है.
राहुल गांधी ने एक्स पर सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि चाहे केंद्र की सरकार हो या राज्य की, भाजपा सरकार से छात्र परेशान हैं. उन्होंने पेपर लीक, भर्तियां रुके होने, शिक्षा की बढ़ती लागत, हॉस्टल की खराब व्यवस्था, खराब गुणवत्ता वाले भोजन और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) में धोखाधड़ी जैसे मुद्दों का जिक्र किया.
उन्होंने आगे कहा कि अब MPSC जैसी संवैधानिक संस्था पर कब्जा कर उसकी विश्वसनीयता को भी नुकसान पहुंचाया गया है.
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के सफल भविष्य से जुड़ी उनकी हर मांग जायज है. सरकार को छात्रों की आवाज सुनकर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो न्याय मिलने तक छात्रों की आवाज और तेज होती जाएगी.
महाराष्ट्र में हजारों छात्र सड़कों पर हैं, शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलनरत हैं – इसकी वजह सिर्फ एक परीक्षा या भर्ती नहीं, पूरे सिस्टम से टूट चुका भरोसा है।
चाहे वो केंद्र की हो या राज्य की, BJP सरकार से हर छात्र त्रस्त है। पेपर लीक, रुकी हुई भर्तियां, शिक्षा की असहनीय लागत, हॉस्टल…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 6, 2026
चार सितंबर को बारिश में भी छात्रों का प्रदर्शन
अपने अधिकारों की मांग को लेकर चार सितंबर को बड़ी संख्या में युवा सड़कों पर उतरे. बारिश के बीच भी छात्रों ने अपना विरोध जारी रखा. प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर ‘आक्रोश मोर्चा’ निकाला.
इसके बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा गया. इस दौरान कलेक्टर कार्यालय का पूरा परिसर छात्रों और युवाओं के जोरदार नारों से गूंज उठा.
नासिक में आदिवासी छात्रों का आंदोलन जारी
इधर, महाराष्ट्र के सरकारी सहायता प्राप्त आश्रम स्कूलों की बदहाल स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों की मौत के मुद्दे को लेकर नासिक में आदिवासी छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है.
नासिक के ईदगाह मैदान में 100 से अधिक आदिवासी छात्र आंदोलन कर रहे हैं. प्रदर्शनकारी आश्रम स्कूलों की व्यवस्था, छात्रों की सुरक्षा और उनकी मौत से जुड़े मामलों को लेकर सरकार से जवाब और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़िएः कांग्रेस ने सचिन पायलट को दी बड़ी जिम्मेदारी, पंजाब, गुजरात और महाराष्ट्र पर फैसला
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.