पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर सरकारी दफ्तरों का टाइम बदलने से जुड़ी रही। सभी दफ्तरों का समय सुबह 9 से शाम 5 बजे तक कर दिया गया है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. दोस्त का मर्डर कर लाश गड्ढे में दफनाई
जालंधर में युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर शव कूड़े के डंप में दफना दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने उसका मोबाइल फोन और बाइक नहर में फेंक दी। जब युवक घर नहीं लौटा तो परिवार ने लापता होने की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच के दौरान कई सीसीटीवी कैमरे खंगाले। तभी पूरे मामले का खुलासा हुआ। सीसीटीवी फुटेज में युवक को कूड़े के डंप के अंदर जाते हुए देखा गया, लेकिन वह बाहर आते नहीं दिखा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव कूड़े के ढेर से बुलडोजर के जरिए बाहर निकलवाया।
मृतक की पहचान मोहल्ला नंबर-15 निवासी गुरप्रीत सिंह नोनी (31 वर्षीय) के रूप में हुई है, जो डीजे का काम करता था। वो 4 दिन पहले घर से निकला था और तभी से लापता था। गुरप्रीत की अभी शादी नहीं हुई थी। वह मां-बाप का इकलौता बेटा था। (पढ़ें पूरी खबर)
2. मार्केट में आग, 30 से ज्यादा दुकानों का सामान खाक

चंडीगढ़ में डड्डूमाजरा के पास तोगा रोड की कबाड़ी मार्केट में शुक्रवार को आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। मार्केट में बड़ी संख्या में पुरानी गाड़ियां और उनके स्पेयर पार्ट्स रखे होने के कारण आग कुछ ही देर में तेज हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। जहां आग लगी, वहां 30 से अधिक दुकानें हैं, जहां दुर्घटनाग्रस्त और पुरानी गाड़ियां, उनके इंजन, टायर, प्लास्टिक और अन्य स्पेयर पार्ट्स रखे जाते हैं। जिस वजह से आग तेजी से एक दुकान से दूसरी दुकान तक फैल गई (पढ़ें पूरी खबर)
3. राघव चड्ढा केंद्र सरकार में मंत्री बन सकते हैं

आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ BJP जॉइन करने वाले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा केंद्र में मंत्री बन सकते हैं। उनके साथ लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर अशोक मित्तल भी दावेदार हैं। पंजाब से अभी रवनीत बिट्टू केंद्रीय राज्य मंत्री हैं। हालांकि उनका राज्यसभा का कार्यकाल 21 जून को खत्म हो चुका है।
ऐसे में उन्हें सांसद न होने पर 6 महीने बाद यानी 21 दिसंबर तक मंत्रीपद छोड़ना होगा। ऐसी सूरत में पंजाब से किसी एक चेहरे को केंद्र में शामिल करना तय माना जा रहा है। हालांकि इस दौड़ में अमृतसर के रहने वाले व हाल ही में बिट्टू की जगह राज्यसभा भेजे तरुण चुघ भी शामिल हैं।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक संडे या मंडे को केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल हो सकता है। चर्चा है कि इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिले, जिसमें उन्हें इसके बारे में सुझाव दिया गया है। हालांकि अभी मंत्रीपद वाले नए चेहरों को लेकर कोई औपचारिक पुष्टि या सूचना नहीं है।
4. CM के मास्क दावे पर NRI ने जवाब दिया

सिख गुरुओं पर शराब के छींटे वाले वायरल वीडियो को लेकर CM भगवंत मान ने कहा कि ये मास्क पहनाकर बनाया गया है। उन्होंने इसे साजिश करार देते हुए कहा कि जल्द इसके पीछे के सभी किरदारों का खुलासा करेंगे। उन्होंने वीडियो जारी करने वाले NRI जगमन समरा के हाथ में अपने चेहरे वाला मास्क भी दिखाया।
इसको लेकर अब NRI समरा ने 2 वीडियो और एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जवाब दिया है। समरा ने कहा कि अगर वीडियो में मास्क पहना है तो फिर यह बात पहले क्यों नहीं कही। अकाल तख्त साहिब और इनकी खुद की जांच में मास्क क्यों नहीं आया।
वहीं अकाली दल ने दावा किया कि इस वीडियो को लेकर CM भगवंत मान अब तक 5 तरह की बातें कह चुके हैं। वहीं जो वीडियो CM ने गुरुवार को दिखाया, वह बेअदबी वाला है ही नहीं, जिसमें सिख गुरुओं की फोटो पर शराब के छींटे मारे गए और जरनैल सिंह भिंडरावाले की फोटो पर आपत्तिजनक हरकत की गई (पढ़ें पूरी खबर)
5. ASI ने सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारी

तरनतारन में पुलिस चौकी के प्रभारी ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली। वह करीब 4 महीनों से कैरों पुलिस चौकी में प्रभारी के तौर पर तैनात थे। गुरुवार रात में नाकाबंदी की ड्यूटी पूरी करने के बाद ये वारदात हुई। मृतक एएसआई की पहचान अमरजीत सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अमृतसर के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक अमरजीत सिंह ने अन्य पुलिस कर्मचारियों के साथ डिनर किया । इसके बाद रात करीब 9:30 बजे वह अपने सरकारी क्वार्टर में आराम करने के लिए चले गए। कुछ समय बाद क्वार्टर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास मौजूद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया।
गोली की आवाज सुनकर साथी पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला तो अमरजीत सिंह खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उनके पास सर्विस पिस्टल भी पड़ी हुई थी। चर्चा है कि वह स्टाफ की कमी और तबादला न होने की वजह से नाराज चल रहे थे। (पढ़ें पूरी खबर)
6. सरकारी दफ्तरों का टाइम फिर बदला

पंजाब सरकार ने सरकारी दफ्तरों के समय में फिर से बदलाव किया है। अब 1 जुलाई से सभी दफ्तरों का समय सुबह 9 से शाम 5 बजे तक कर दिया गया है। इससे पहले भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए 25 मई से 30 जून 2026 तक पंजाब सरकार के सभी दफ्तरों का समय बदलकर सुबह साढ़े 7 से डेढ़ बजे तक कर दिया था।
उस दौरान सरकार ने स्कूलों का टाइम भी सुबह साढ़े 7 से डेढ़ बजे रखा था। हालांकि अभी स्कूल 30 जून तक बंद हैं। ऐसे में जब स्कूल खुलेंगे तो उनके लिए भी सुबह 9 से 5 बजे का टाइम हो सकता है। इसके अलावा सरकारी दफ्तरों की तर्ज पर अब सेवा केंद्रों का टाइम भी बदल जाएगा।
7. ट्रैफिक नियम तोड़ने पर जाना होगा कोर्ट, जेल भी संभव

पंजाब में रोड पर रैश ड्राइविंग, ड्रिंक एंड ड्राइव और अंडरएज ड्राइविंग पर सरकार ने सख्ती करनी शुरू कर दी। सरकार ने ट्रैफिक नियम तोड़ने के इन तीन मामलों को नॉन कंपाउंडेबल कैटेगरी में शामिल कर दिया है। अगर इन कैटेगरी में अब आपका चालान होता है तो उसका भुगतान न तो आप मौके पर कर सकेंगे और न ही RTO दफ्तर में जाकर चालान का भुगतान होगा।
इन मामलों में फंसे लोगों को कोर्ट के चक्कर काटने होंगे और मजिस्ट्रेट के सामने ही चालान का फैसला होगा। खास बात यह है कि कोर्ट में चालान की सुनवाई के दौरान अगर मामला ज्यादा गंभीर हुआ तो कोर्ट ड्राइवर को एक्ट के अनुसार कानूनी सजा भी सुना सकता है।
ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के सचिव वरुण रूजम ने इस आदेश को पूरे राज्य में तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। सचिव ने अपने आदेशों में कहा है कि नोटिफिकेशन जारी होने के बाद के ऐसे चालानों का फैसला पुलिस और आरटीओ अपने स्तर पर न करवाएं (पढ़ें पूरी खबर)
8. राम रहीम ने डेरे को नया लुक दिया, हनीप्रीत संग उद्घाटन किया

डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम ने पैरोल खत्म होने से एक दिन पहले सिरसा में पुराने डेरे के रेनोवेशन का उद्घाटन किया। इस उद्घाटन समारोह की 3 बातें खास रहीं। पहली समारोह में हनीप्रीत इंसा सबसे आगे दिखीं। हनीप्रीत का असली नाम प्रियंका तनेजा है, जो डेरा प्रमुख की सबसे करीबी शिष्या और मुंहबोली बेटी हैं। लंबे टाइम के बाद वे राम रहीम के साथ दिखाई दीं।
दूसरी बात यह है कि पैरोल पर आने के बाद राम रहीम पहली बार पब्लिकली दिखाई दिया। अभी तक जितनी बार भी वह जेल से बाहर आया, डेरे के अंदर ही रहा या वीडियो के जरिए अनुयायियों से प्रवचन दिए। तीसरी बात यह कि इस डेरे का रेनोवेशन उसने खुद अपने सामने कराया है। इसमें अब कई सुविधाएं बढ़ाई गईं हैं।
तीन विशाल गेट लगाए गए हैं। प्रेमियों के लिए होटल भी बनाया गया है, जहां पर वे ठहर सकेंगे। इसके चारों ओर गेट पर हाथी की प्रतिमा बनाई गई है। हालांकि, अभी भी निर्माण कार्य चल रहा है। जेल लौटने से पहले ही डेरा प्रमुख ने डेरे का शुभ-मुहूर्त कर संगत की सेवा के लिए खोल दिया है।
9. BJP अध्यक्ष बोले- 6 महीने बाद अकाली दल से गठबंधन पर सोचेंगे
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाब में अकाली दल से गठबंधन की उम्मीदों को फिर जगा दिया है। उन्होंने एक बयान में कहा कि पंजाब में शिअद या किसी अन्य अकाली गुट के साथ गठबंधन करने का निर्णय समय आने पर लिया जाएगा। उनका पंजाब दौरे के दौरान जालंधर में दिया बयान सामने आया है।
जिसमें वह कह रहे हैं कि समय आने पर कुछ मुद्दों का समाधान किया जाएगा। नवीन ने दोहराया कि वर्तमान समय में और मौजूदा स्थिति में भाजपा पंजाब के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अपने संगठन को मजबूत करना चाहती है। फिलहाल हम इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
चुनाव नजदीक आने पर हम आकलन करेंगे और फैसला लेंगे। आज हम न तो गठबंधन के पक्ष में हैं और न ही इसके विरोध में हैं। पार्टी ने फिलहाल अपने दम पर आगे बढ़ने का फैसला किया है। गठबंधन की बात करें तो अभी काफी समय है। गठबंधन करना है या नहीं, इसका फैसला भविष्य में किया जाएगा। हम देखेंगे कि जनता से क्या प्रतिक्रिया मिलती है। छह महीने बाद हम इस पर फैसला लेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. कैदी के प्यार में पड़ गई पंजाबी लेडी गार्ड, अब हुई सजा

कनाडा में पंजाबी मूल की एक लेडी जेल गार्ड को कैदी से ही प्यार हो गया। इसके बाद उसने कैदी के जेल में मोबाइल यूज करने की बात तक अफसरों से छिपाई। यहां तक कि जब कभी रेड होती तो वह कैदी को पहले ही अलर्ट कर देती और मोबाइल छुपाने की जगह तक बता देती थी।
हालांकि ज्यादा दिनों तक उसकी करतूत छिपी नहीं रह सकी। इसका पता चला तो अब कोर्ट ने इसे विश्वासघात का मामला माना। कोर्ट ने उसे 2 साल की कंडीशनल सजा सुनाई है। हालांकि उसे जेल नहीं भेजा गया बल्कि घर में ही नजरबंद रहना होगा।
जेल गार्ड रमनदीप कौर अबॉट्सफोर्ड की रहने वाली हैं और पंजाबी मूल की हैं। उन्होंने मार्च 2021 में नॉर्थ फ्रेजर प्रीट्रायल सेंटर में जेल गार्ड के रूप में नौकरी जॉइन की थी। कनाडा पुलिस के मुताबिक सितंबर 2021 से लगभग 1 साल तक रमनदीप का कैदी के साथ सीक्रेट रिलेशनशिप था (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.