मुंबई, पांच सितंबर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कांदिवली पूर्व के ठाकुर विलेज में कौशल केंद्र का शनिवार को उद्घाटन किया और कहा कि उत्तर मुंबई में काम करने की इच्छा रखने वाले किसी भी व्यक्ति को सहायता से वंचित नहीं किया जाएगा। यह मंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में दूसरा कौशल केंद्र है। गोयल ने कहा, ‘‘उत्तर मुंबई में काम करने वाले किसी भी व्यक्ति की पूरी मदद की जाएगी और उसे बगैर सहायता दिए ऐसे हीं नहीं छोड़ा जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि उत्तर मुंबई में छह कौशल एवं विकास केंद्र स्थापित किए जाने की योजना है।
मंत्री ने कहा कि ये केंद्र युवाओं और रोजगार तलाशने वालों को आवश्यक कौशल, कंपनियों तथा रोजगार के अवसरों से जोड़ेंगे। कार्यक्रम के दौरान कौशल केंद्र पहल के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के बीच समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए। गोयल ने कहा कि यह केंद्र फिक्की के सहयोग से संचालित किया जाएगा और युवाओं को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि एक केंद्र पहले से संचालित है, जबकि दूसरा केंद्र ठाकुर विलेज में शुरू किया गया है। अन्य केंद्र शिंपोली, दहिसर और मालाड में प्रस्तावित हैं। छठे केंद्र के लिए एसोचैम के साथ बातचीत की जा रही है।
गोयल ने कहा, “यह पहल युवाओं के लिए कौशल विकास से अवसर और अवसर से रोजगार तक पहुंचने का रास्ता तैयार करेगी। इससे लोगों को अपने घरों के करीब रोजगार के अवसर हासिल करने में भी मदद मिलेगी।”
गोयल ने शनिवार को मनाए गए जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि ये अवसर सीखने, मूल्यों और समर्पण के महत्व को रेखांकित करते हैं। उन्होंने कहा कि दही हांडी का आयोजन सामूहिक प्रयास, साहस और दृढ़ संकल्प की भावना को दर्शाता है तथा शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के माध्यम से इसी भावना को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.