अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन बुधवार सुबह थाईलैंड पहुंच गया है। इस एयरक्राफ्ट पर पिछले 9 महीनों से 5 हजार सैनिक तैनात हैं। लंबे सैन्य अभियान के बाद अब उन्हें पटाया में करीब 5 दिन की छुट्टी मिलेगी। USS अब्राहम लिंकन के साथ अमेरिकी नौसेना के दो और जहाज भी पहुंचे हैं। लाम चाबांग पोर्ट पर उतरने के बाद सैनिकों को बसों से करीब 96 किमी दूर पटाया ले जाया जाएगा। हालांकि पटाया पहुंचने से पहले ही थाई पुलिस ने शहर में देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रॉयटर्स के मुताबिक, पुलिस ने पिछले वीकेंड में छापेमारी कर 40 से 50 लोगों को हिरासत में लिया। शहर के समुद्र तट और नाइटलाइफ वाले इलाकों में गश्त भी बढ़ा दी गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटी पुलिस पटाया में अमेरिकी नौसेना के बड़ी संख्या में जवानों और मरीन के आने से पहले पुलिस ने शहर में छापेमारी और जांच बढ़ा दी है। बार, समुद्र तट और दूसरी भीड़भाड़ वाली जगहों पर पुलिस खास नजर रख रही है। इसी दौरान पब्लिक प्लेस पर ग्राहकों की तलाश करने के आरोप में कम से कम 25 महिलाओं को हिरासत में लिया गया। इनमें थाईलैंड के साथ लाओस और युगांडा की महिलाएं भी शामिल थीं। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, अलग-अलग कार्रवाइयों में 40 से 50 लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि अमेरिकी जवानों के आने से पहले शहर में गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है। अमेरिकी सैनिकों पर सोई 6 इलाके में जाने पर रोक अमेरिकी सैनिकों को पटाया की नाइटलाइफ वाली जगहों पर जाने की अनुमति है, लेकिन थाई अधिकारियों ने उनके लिए कुछ खास पाबंदियां लगाई हैं। उन्हें ड्रग्स और गांजा बेचने वाली दुकानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही देर रात तक बार और मनोरंजन वाली जगहों पर रुकने से भी बचने को कहा गया है। अमेरिकी सैनिकों के लिए सोई 6 में जाने पर भी रोक लगा दी गई है। यह पटाया का एक मशहूर इलाका है, जो खास तौर पर बार और नाइटलाइफ के लिए जाना जाता है। यहां कई एडल्ट एंटरटेनमेंट वाले बार हैं। शाम होते ही इस इलाके में काफी चहल-पहल बढ़ जाती है और बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। इसके अलावा कैनाबिस की दुकानों, पैराग्लाइडिंग और जेट-स्की जैसी गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है। थाई पुलिस ने अमेरिकी सैनिकों को यह भी याद दिलाया है कि देश में वेश्यावृत्ति कानूनन प्रतिबंधित है। कारोबारियों को बड़ी कमाई की उम्मीद अमेरिकी नौसैनिकों के पटाया पहुंचने से शहर के कारोबारियों को अच्छी कमाई की उम्मीद है। करीब 5 हजार अमेरिकी जवानों के आने से होटल, रेस्तरां, बार, शॉपिंग और दूसरे पर्यटन कारोबारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ सकती है। खासकर नाइटलाइफ और मनोरंजन से जुड़े कारोबारियों को इसका सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। स्थानीय कारोबारियों के लिए यह ऐसे समय में बड़ा मौका है, जब पर्यटन कारोबार में पहले जैसी तेजी नहीं है। हजारों अमेरिकी जवान कुछ दिनों के लिए शहर में रहेंगे और इस दौरान खाने-पीने, होटल में ठहरने, घूमने-फिरने और मनोरंजन पर पैसा खर्च करेंगे। इससे छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े होटल और रेस्तरां तक कई तरह के कारोबारों को फायदा मिल सकता है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक एक अमेरिकी नौसैनिक रोजाना करीब 1,000 (₹2800) से 3,000 (₹8500) थाई बाहत तक खर्च कर सकता है। इस हिसाब से अगर करीब 5 हजार नौसैनिक शहर में आते हैं तो उनके खर्च से स्थानीय कारोबार में करोड़ों थाई बाहत का पैसा आ सकता है। पटाया और अमेरिकी सेना का पुराना कनेक्शन 1960 के दशक में शुरुआत: वियतनाम युद्ध के दौरान अमेरिकी सेना ने पटाया को सैनिकों के आराम और छुट्टियां बिताने की जगह के तौर पर इस्तेमाल करना शुरू किया। छोटे गांव से पर्यटन केंद्र: उस समय पटाया एक छोटा मछली पकड़ने वाला गांव था। अमेरिकी सैनिकों के आने से होटल, बार, रेस्तरां और मनोरंजन से जुड़े कारोबार तेजी से बढ़ने लगे। करीब 15 साल में बड़ा बदलाव: 1978 तक पटाया शहर जैसी पहचान बना चुका था। बड़े होटल और रिसॉर्ट बनने लगे और विदेशी पर्यटकों के लिए यहां का कारोबार तेजी से बढ़ा। नाइटलाइफ का विस्तार: 1970 और 1980 के दशक में बार और रेस्तरां तेजी से बढ़े। वॉकिंग स्ट्रीट भी इसी दौर में विकसित होने लगी। सेक्स टूरिज्म भी बढ़ा: 1980 के दशक तक सेक्स टूरिज्म पटाया के पर्यटन कारोबार का अहम हिस्सा बन चुका था। 1990 के दशक में रियल एस्टेट बूम: विदेशी लोगों की संख्या बढ़ने के साथ शहर में बड़े पैमाने पर विला और अपार्टमेंट बनने लगे। इससे पटाया का प्रॉपर्टी कारोबार भी तेजी से बढ़ा। USS अब्राहम लिंकन थाईलैंड क्यों आया? USS अब्राहम लिंकन हाल ही में वेस्ट एशिया में अपनी लंबी तैनाती पूरी करके लौटा है। यह अमेरिकी नौसेना का परमाणु ऊर्जा से चलने वाला विमानवाहक पोत है। जहाज ने नौ महीने से ज्यादा समय समुद्र में बिताया। इस दौरान ईरान के साथ बढ़े तनाव के बीच यह वेस्ट एशिया में अमेरिकी सेना के कई अभियानों में शामिल रहा। इतने लंबे समय तक समुद्र में रहने से जहाज पर तैनात नौसैनिकों के लिए भी काफी मुश्किलें रहीं। उनकी मानसिक सेहत और जहाज पर रहने की परिस्थितियों को लेकर भी चिंता जताई गई थी। अब थाईलैंड में पांच दिन के ठहराव के दौरान जहाज में जरूरी सामान भरा जाएगा और रखरखाव का काम होगा। साथ ही हजारों नौसैनिकों को लंबे समय बाद कुछ दिन आराम करने और पटाया घूमने का मौका मिलेगा। ——————————- यह खबर भी पढ़ें… ट्रम्प ने बोइंग डील के लिए बांग्लादेश को शुक्रिया कहा:PM से बोले- ये प्लेन आपको निराश नहीं करेंगे, मैं भी याद रखूंगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारीक रहमान को पत्र लिखकर बोइंग विमान खरीदने के फैसले के लिए धन्यवाद दिया है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.