उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के कोहाट जिले में जुमे की नमाज के दौरान आतंकवादियों ने एक मस्जिद के पास विस्फोटक से लदे वाहन में धमाका किया और पास के पुलिस ठिकानों पर हमला कर दिया, जिसमें कम से कम 21 लोगों (ज्यादातर पुलिसकर्मी) की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह धमाका उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में कोहाट में पुरानी पुलिस लाइन के पास स्थित मस्जिद में हुआ।
कोहाट अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ताहिर शाह ने बताया कि विस्फोट में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 15 पुलिसकर्मी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि घायलों में 73 पुलिसकर्मी और 30 आम नागरिक हैं। जियो न्यूज के अनुसार, मारे गए लोगों में लियाकत मेमोरियल अस्पताल के मुख्य जिला विशेषज्ञ डॉ. इजराइल खान ओरकजई भी शामिल हैं।
हमले की जिम्मेदारी एक कम चर्चित आतंकी संगठन ‘इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान’ ने ली है। यह संगठन हाफिज गुल बहादुर समूह, हरकत इंकलाब-ए-इस्लामी पाकिस्तान और लश्कर-ए-इस्लाम का गठबंधन है, जिसका गठन अप्रैल 2025 में हुआ था। बचाव अधिकारियों ने बताया कि मारे गए और घायल हुए ज्यादातर लोग मस्जिद में जुमे की नमाज अदा कर रहे पुलिसकर्मी थे।
घटनास्थल से सामने आए वीडियो में मस्जिद के अंदर नमाजियों के शव पड़े दिखाई दिए। खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फिकार हमीद ने बताया कि विस्फोटकों से लदे एक वाहन ने पुरानी पुलिस लाइन के गेट में टक्कर मार दी, जिससे विस्फोट हुआ, और इसके बाद हथियारबंद आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी हुई। हमीद ने कहा, वाहन गेट से टकराया और फिर उसमें विस्फोट हो गया।
इसके बाद गोलीबारी भी हुई। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान विशेष शाखा की इमारत में एक और आत्मघाती विस्फोट हुआ। यह विस्फोट जुमे की नमाज के दौरान हुआ, जिससे मस्जिद के बाहर गड्ढा हो गया और इमारत का बाहरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
एक दीवार भी ढह गई। पेशावर स्थित केंद्रीय पुलिस कार्यालय के अनुसार, सात हथियारबंद आतंकवादी पुलिस लाइन में घुस गए, जहां पुलिस और आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) के जवानों के साथ उनकी मुठभेड़ हुई। अधिकारी ने बताया कि अब तक छह आतंकवादी मारे जा चुके हैं, जिनमें आत्मघाती हमलावर और स्नाइपर शामिल हैं।
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों और पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। शाह ने बताया कि 13 घायलों को लियाकत मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 90 अन्य को जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां आपात स्थिति घोषित कर दी गई। खैबर पख्तूनख्वा के रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस ने बताया कि कोहाट-हंगू मार्ग को सभी तरह के यातायात के लिए बंद कर दिया गया है और पुलिस लाइन के पास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बचाव अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। विस्फोट के बाद प्रांतीय पुलिस प्रमुख हमीद ने जिले के क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी से रिपोर्ट मांगी।
उन्होंने अधिकारियों को घायलों को समय पर बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, खैबर पख्तूनख्वा पुलिस आतंकवाद के खिलाफ लोहे की दीवार की तरह खड़ी है और इस तरह के कायराना हमले हमारे संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना की निंदा की तथा कहा कि विदेशी समर्थन प्राप्त आतंकवादियों का पूरी तरह खात्मा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जरूरी है।
सरकारी रेडियो पाकिस्तान के अनुसार, शरीफ ने विस्फोट के संबंध में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.