इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में बेइज्जती होने से पाकिस्तान बौखला गया है। इमाम-उल-हक और मोहम्मद रिजवान की दौरे के बीच से घर वापसी की संभावना है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को टीम की छवि की चिंता सता रही है।
PCB के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक
‘जियो न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘‘रिजवान और इमाम को वापस बुलाने का फैसला किया गया है।’’ इंग्लैंड दौरे पर मौजूद पाकिस्तानी मीडिया ने दूसरे टेस्ट में मिली हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय बैठक होने की भी खबर दी है। इस बैठक में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी, मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) सुमैर अहमद, पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सलमान नसीर, पूर्व क्रिकेटर और वरिष्ठ चयनकर्ता आकिब जावेद तथा सीमित ओवरों की क्रिकेट टीम के मुख्य कोच माइक हेसन शामिल हुए।
पाकिस्तान टीम की छवि सबसे बड़ी चिंता
पीसीबी के एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि पाकिस्तान सरकार में मंत्री मोहसिन नकवी को इंग्लैंड में पाकिस्तान टीम के निराशाजनक प्रदर्शन को लेकर उनसे ऊपर के स्तर पर बैठे लोगों की नाराजगी और निराशा से अवगत करा दिया गया है। सूत्र ने कहा, ‘‘दूसरे टेस्ट के दौरान स्काई स्पोर्ट्स पर इमरान खान के बेटों का साक्षात्कार प्रसारित किए जाने की घटना से भी शीर्ष स्तर पर नाराजगी है। लेकिन सबसे बड़ी चिंता मीडिया में पाकिस्तान टीम की बन रही छवि और मैदान पर उसका प्रदर्शन है।’’ सूत्र ने दावा किया कि मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक दोनों ही स्वदेश लौट रहे हैं।
सरफराज के भविष्य पर सवालिया निशान?
सूत्र ने कहा, ‘‘इमाम बड़ी मुश्किल में हैं।’’ उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के लिए दो टेस्ट मैच खेल चुके 23 वर्षीय अब्दुल्ला फजल को इंग्लैंड भेजा जाना लगभग तय है। इमाम दूसरे टेस्ट के पहले दिन फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। इसी वजह से वह बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। उनकी चोट की गंभीरता को लेकर हालांकि सवाल उठ रहे हैं। सूत्र के मुताबिक, बैठक में माइक हेसन को टेस्ट टीम की जिम्मेदारी सौंपने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। हेसन अब इंग्लैंड दौरे के बाकी हिस्से में पाकिस्तान टीम के साथ बने रहेंगे। हेसन की टेस्ट टीम के साथ मौजूदगी ने पाकिस्तान के मुख्य कोच सरफराज अहमद के भविष्य पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.