बिजलीचालित दोपहिया वाहन बनाने वाली कंपनी ओला इलेक्ट्रिक का देश के वाणिज्यिक इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में उतरने का रास्ता साफ हो गया है। सरकार के एक प्रमाणन दस्तावेज से यह जानकारी मिली है।
कंपनी को भारतीय वाहन अनुसंधान संघ (एआरएआई) से केंद्रीय मोटर वाहन नियम (सीएमपीआर) के तहत एल1 श्रेणी के इलेक्ट्रिक स्कूटर के लिए सरकारी मंजूरी (होमोलोगेशन) मिल गई है।
यह इलेक्ट्रिक दोपहिया चार किलोवाट की मोटर के साथ आएगा और अधिकतम 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेगा।
यह ओला इलेक्ट्रिक के मौजूदा एस 1 प्लेटफॉर्म पर आधारित है, लेकिन इसे वाणिज्यिक इस्तेमाल के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। यह वाहन खासतौर पर खाने-पीने के सामान की डिलिवरी, त्वरित वाणिज्य और शहरी बेड़े के परिचालन जैसे कामों के लिए डिजाइन किया गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, ‘होमोलोगेशन’ किसी भी वाहन को पेश करने से पहले आखिरी बड़ा नियामकीय कदम होता है। ऐसे में कंपनी इस स्कूटर को इसी तिमाही में उतार सकती है।
यह कदम ऐसे समय में आया है जब पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और होर्मुज जलडमरूमध्यम के आसपास तनाव के कारण ईंधन की आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है।
इससे डिलिवरी राइडर और फ्लीट परिचालकों का खर्च बढ़ रहा है, जिसके चलते इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेज हो सकती है।
यदि इस स्कूटर को इसी तिमाही में पेश किया जाता है, तो यह ओला इलेक्ट्रिक का तेजी से बढ़ते वाणिज्यिक परिवहन खंड में प्रवेश सुनिश्चित करेगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.