भुवनेश्वर, तीन सितंबर ओडिशा राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) ने यातायात के अलग-अलग नियमों के उल्लंघन के लिए एक ही दिन में 60,000 से ज़्यादा ई-चालान जारी किए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एसटीए ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के मकसद से चलाए जा रहे ज़ीरो फैटैलिटी वीक के दूसरे दिन, सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ़ सख़्त कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप दो सितंबर, 2026 (बुधवार) को कुल 60,242 ई-चालान जारी किए गए।
एक अधिकारी ने बताया कि इन ई-चालानों में नियम तोड़ने के मुख्य मामले थे – बिना हेलमेट के गाड़ी चलाना (33,061 चालान), तेज रफ़्तार (5,681), दो पहिया वाहन पर तीन लोग सवार (1,820) और बिना वैध बीमा के गाड़ी चलाना (1,722)। एसटीए ने जीरो फैटैलिटी वीक कैंपेन शुरू किया है। इसका मकसद सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करना और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और जानें बचाई जा सकें।
विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने के तरीकों को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, सप्ताह के पहले दिन, एक सितंबर को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 44,746 ई-चालान जारी किए गए।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.