ओडिशा के गंजाम जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष बी. सोमनाथ पात्रा को बाल मजदूरी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों को कथित रूप से ड्यूटी करने से रोकने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, ब्रह्मपुर की एकीकृत मानव तस्करी-रोधी इकाई (आईएएचटीयू) की पुलिस टीम शुक्रवार रात गोपालपुर थाना क्षेत्र के रंगेइलुंडा बाजार स्थित एक होटल में बाल मजदूरी के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी।
टीम ने होटल में काम कर रहे दो नाबालिगों को मुक्त कराया। अधिकारी ने बताया कि टीम जब मुक्त कराए गए बच्चों को लेकर वहां से निकल रही थी, तभी पात्रा ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को गलत तरीके से रोक लिया, उनके साथ गाली-गलौज की, बच्चों को उनसे छीनने की कोशिश की और धमकी देकर पुलिस टीम को डराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोपालपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किए जाने के बाद शनिवार रात को पात्रा को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि 36-वर्षीय पात्रा रंगेइलुंडा प्रखंड के भाभी नारायणपुर का निवासी है और उसके खिलाफ गोपालपुर थाने में पहले से दो अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.