NTA Recruitment 2026: नीट पेपर लीक विवाद के बाद एनटीए का कायापलट हो रहा है। सरकार ने 47 अफसरों को बर्खास्त कर दिया है। अब एजेंसी को मजबूत बनाने के लिए 4 नए जनरल मैनेजर और 16 यंग प्रोफेशनल्स की भर्ती की जा रही है।
किन पदों पर होगी भर्ती?
1. जनरल मैनेजर (असेसमेंट रिसर्च एंड डेवलपमेंट एंड साइकोमेट्रिक्स): यह अधिकारी प्रश्न बैंक तैयार करने, परीक्षा के नॉर्मलाइजेशन, इक्वेटिंग और कैलिब्रेशन प्रक्रिया, कंप्यूटर एडैप्टिव टेस्टिंग (कैट) और एआई आधारित मूल्यांकन प्रणाली के विकास का नेतृत्व करेगा।
2. जनरल मैनेजर (टेस्ट सेंटर नेटवर्क ऑपरेशंस):देशभर के 500 से अधिक शहरों और कुछ अंतरराष्ट्रीय परीक्षा केंद्रों के संचालन, गुणवत्ता, क्षमता नियोजन, दिव्यांग अभ्यर्थियों की सुविधाओं, परीक्षा दिवस की व्यवस्थाओं तथा राज्य एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वय की जिम्मेदारी संभालेगा।
3. जनरल मैनेजर (इनफार्मेशन सिक्योरिटी ): एनटीए के मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी के रूप में साइबर सुरक्षा, डाटा सुरक्षा, डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट-2023, आईटी एक्ट-2000 और सीईआरटी -इन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की निगरानी करेगा। साथ ही 24×7 सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर का संचालन भी देखेगा।
4. जनरल मैनेजर (विजिलेंस , इन्वेस्टीगेशन और फॉरेंसिक्स ): परीक्षा में गड़बड़ियों की जांच, डिजिटल फॉरेंसिक क्षमता विकसित करने और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत मामलों में सीबीआई, आईबी,ईडी, राज्य पुलिस और साइबर क्राइम इकाइयों के साथ समन्वय करेगा।
यूपीएससी प्रतिभा सेतु से पहली बार नियुक्ति
एनटीए पहली बार यूपीएससी के प्रतिभा सेतु पोर्टल के जरिए 16 यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति करेगा। इनमें 12 पद अकादमिक रिसर्च के लिए, 2 पद लीगल रिसर्च के लिए, 2 पद फाइनेंस एवं अकाउंट्स के लिए होंगे। इनकी नियुक्ति प्रारंभिक 24 महीने के लिए होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर 36 महीने तक बढ़ाया जा सकेगा।
आगे और सुधार होंगे
एनटीए ने बताया कि विशेषज्ञ समिति द्वारा सुझाए गए 10 कार्यात्मक वर्टिकल्स के अनुरूप आने वाले हफ्तों में और भी भर्तियां तथा विषय विशेषज्ञों और अनुवादकों का नया पैनल तैयार किया जाएगा।
यूपीएससी प्रतिभा सेतु क्या है?
यूपीएससी प्रतिभा सेतु को पहले आयोग की सार्वजनिक प्रकटीकरण योजना (पीडीएस) के नाम से जाना जाता था। भारत सरकार (कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग) के निर्णय के अनुसार, संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक प्रकटीकरण योजना (पीडीएस) के तहत आयोग की परीक्षाओं के उन उम्मीदवारों का विवरण प्रकाशित करता आ रहा है जिन्हें अनुशंसित नहीं किया गया है (वे उम्मीदवार जो लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करते हैं लेकिन साक्षात्कार के बाद उनका फाइनल चयन नहीं हो पाता)। यह योजना 20.08.2018 से लागू है। हालांकि पीडीएस का नाम अब बदलकर यूपीएससी प्रतिभा सेतु कर दिया गया है।
निम्न परीक्षाओं के वे उम्मीदवार जिन्हें अनुशंसित नहीं किया गया है, इस योजना के अंतर्गत आते हैं:
सिविल सेवा परीक्षा
भारतीय वन सेवा परीक्षा
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (एसी) परीक्षा
इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा
संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा
सीडीएस परीक्षा
भारतीय आर्थिक सेवा/भारतीय सांख्यिकी सेवा परीक्षा
संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.