तीज के त्योहार पर बाजार वाली मिठाई या लड्डू नहीं लेना चाहते हैं, तो घर पर ही सत्तू के लड्डू बनाकर तैयार करें। चलिए आपको सत्तू के लड्डू बनाने की आसान रेसिपी बताते हैं।
सत्तू के लड्डू बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
-2 कप चने का सत्तू
-1 कप देसी घी
-1 कप गुड़ का पाउडर
-आधा चम्मच इलायची पाउडर
-थोड़े बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स (बादाम, काजू, पिस्ता)
सत्तू के लड्डू बनाने का सिंपल तरीका-
-सबसे पहले कड़ाही में घी डालकर सत्तू डालें और उसे भूनना शुरू करें। जब सत्तू से सोंधी महक आने लगे, तब गैस बंद करें। सत्तू को हमेशा धीमी आंच में भूनें, वरना ये जल जाएगा। अगर भूनते समय घी कम लग रहा हो, तो और डाल लें। जब सत्तू पूरी तरह से भुन जाए, तब ऊपर से घी और डालें, जिससे लड्डू बनाने में आसानी हो।
- इसके बाद सत्ते के मिक्सचर में कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिला दें और इसे ठंडा होने के लिए रख दें। दूसरी तरफ आप गुड़ को काटकर उसका पाउडर बना लीजिए। अगर पाउडर नहीं बन पाता है, तो कड़ाही में पिघलाकर चाशनी बनाएं और उसे लड्डू में डालें। गुड़ का पाउडर सत्तू में मिलाने पर आसानी से मिल जाएगा और लड्डू परफेक्ट बनेंगे।
- आखिर में लड्डू के बैटर में इलायची कूटकर मिक्स करें या फिर पाउडर मिला दें। इससे फ्लेवर और महक ज्यादा अच्छा आएगा। सभी चीजों को डालकर मिक्सचर को अच्छे से मिला लें। हाथों से मसलकर सत्तू को खूब दबा लें, जिससे गुलठी न रहे।
- बस फिर आपका सत्तू का पाउडर बनकर तैयार हो जाएगा और इसे हाथों में लेकर गोल करते हुए लड्डू बना लें। लड्डू आप अपनी पसंद के आकार में बनाएं। लड्डू के ऊपर आप चमचम लगा सकते हैं, वैसे ये ऑप्शनल है। इसके अलावा केसर-बादाम से गार्निश कर सकते हैं।
सत्तू भी कर सकते हैं तैयार
घर पर ही सत्तू बनाना चाहते हैं, तो बाजार से भुने हुए चने खरीद लें, अगर छिलका हो तो उसे हटा दें। फिर इन चनों को साफ करें और मिक्सर में पीस लें। बस आपके चने का सत्तू बनकर तैयार हो जाएगा। पीसने के बाद आप इसे छलनी से छानकर रखें, जिससे खाने में चोकर नहीं आएगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.