महंगे साड़ी-सूटों को धोते समय खास देखभाल की जरूरत होती है। ऐसे में लोग इन्हें ड्राई क्लीन के लिए दे देते हैं, जबकि घर पर भी आप आसानी से इन्हें वॉश कर सकते हैं। बिना पैसे खर्च किए, ये टिप्स आपकी इस चीज में मदद करेंगी।
घर पर कैसे धोने चाहिए महंगे साड़ी और सूट?
स्टेप 1- जेंटल शैंपू का इस्तेमाल करें
महंगे साड़ी-सूट धोने के लिए नॉर्मल डिटर्जेंट की जगह आप शैंपू का इस्तेमाल कर सकते हैं। शैंपू काफी माइल्ड होता है, जिससे फैब्रिक की सॉफ्टनेस और एंब्रॉयडरी को कोई नुकसान नहीं होता। इसके साथ ही आप थोड़ा सा कंडीशनर भी पानी में मिला सकते हैं। इससे कपड़ों में अच्छी खुशबू और सॉफ्टनेस आती है। अगर एक साड़ी धो रहे हैं, तो नॉर्मल पानी में 1 चम्मच के करीब शैंपू और थोड़ा सा कंडीशनर मिलाना काफी रहेगा।
काम की टिप- साड़ी-सूट धोने के लिए नॉर्मल टेंपरेचर के पानी का इस्तेमाल करें। पानी ज्यादा गर्म या ठंडा नहीं होना चाहिए, इससे फैब्रिक पर असर पड़ सकता है।
स्टेप 2- थोड़ा सा नमक करेगा कलर को लॉक
शैंपू के साथ-साथ पानी में एक चम्मच के करीब सादा नमक मिलाना भी बेहतर रहता है। दरअसल नमक कपड़े के रंग को लॉक करने का काम करता है, जिससे साड़ी-सूट का कलर निकलता नहीं है। इस शैंपू और नमक वाले पानी में आप अपने कपड़ों को 15 मिनट के लिए भिगोकर छोड़ सकते हैं। इससे कपड़े का मैल फूल जाएगा, जिसे आपको हल्के हाथों से रगड़कर निकाल लेना है।
स्टेप 3- फिटकरी वाले पानी में भिगोकर रखें
कपड़ा महंगा है और आप उसकी शाइन को बरकरार रखना चाहते हैं, तो हल्के गर्म पानी में आधा एक चम्मच के करीब फिटकरी का पाउडर मिक्स कर लें। अब कपड़े को नमक शैंपू वाले पानी से निकालकर फिटकरी वाले पानी में भिगो दें और लगभग 10 मिनट के लिए छोड़ दें। फिटकरी से साड़ी-सूट का रंग बिल्कुल नए जैसा बना रहता है।
स्टेप 4- हल्की धूप में सुखाएं कपड़े
इस तरह के कपड़े वॉश करने के बाद आपको तेज धूप में सुखाने के लिए नहीं डालने हैं। डायरेक्ट धूप से कपड़ों का रंग फेड हो सकता है। इसलिए इन्हें हमेशा ऐसी जगह डालना चाहिए जहां हल्की-हल्की धूप आती हो और छांव बनी रहती हो। साथ ही इन्हें अच्छी तरह फैलाकर डालें, ताकि इसी तरह की सिलवटें ना बनी रहें। क्योंकि कई बार ये प्रेस से भी नहीं जाती हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.