न्यूजीलैंड दौरे में जब भारतीय टीम जाएगी तो वहां सिर्फ दो टेस्ट मैचों की सीरीज नहीं होगी, बल्कि 5 टी-20 और 5 वनडे मैच भी खेल जाएंगे। वनडे मुकाबलों को लेकर न्यूजीलैंड के कप्तान ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को सबसे बड़ी चुनौती माना है, लेकिन यह भी कहा है कि इस बार वे अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकेंगे।
इस बार विराट- रोहित पहले जैसा नहीं कर सकेंगे
कोहली और रोहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब सिर्फ 50 ओवर के प्रारूप में खेलते हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस साल अक्टूबर-नवंबर में पांच वनडे, पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और दो टेस्ट मैच खेले जाने हैं। सैंटेनर ने ‘पीटीआई’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ”यह एक चुनौती होगी। हमने लंबे समय से देखा है कि वे दोनों अब भी बेहद अच्छे खिलाड़ी हैं और वनडे क्रिकेट के माहिर हैं। अतीत में न्यूजीलैंड की कुछ पिचें उन्हें काफी रास आई हैं। उम्मीद है कि इस बार ऐसा नहीं होगा।” सैंटनर ने भारत-न्यूजीलैंड शृंखला को विश्व कप की तैयारी का अहम हिस्सा करार दिया। ‘यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग’ में ‘एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स’ की कप्तानी कर रहे सैंटनर ने कहा, ”इसमें कोई संदेह नहीं कि यह शानदार शृंखला होगी। यह अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों का हिस्सा है। सीमित मैचों के बीच हर टीम विश्व कप के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ संयोजन बनाने की कोशिश कर रही है।” सैंटनर ने कहा कि न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ पांच वनडे खेलने हैं। इसके बाद घरेलू मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ तीन मैच होंगे और फिर सितंबर 2027 में इंग्लैंड में विश्व कप की तैयारियां की जाएंगी।
भारत से सीरीज जीतना होगा लक्ष्य
उन्होंने कहा, “सबसे पहले हमारा लक्ष्य घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ शृंखला जीतना है। यह हमारे लिए शानदार उपलब्धि होगी। इसके बाद अगले साल अक्टूबर तक विश्व कप के लिए टीम का सही संयोजन तैयार करने पर ध्यान रहेगा।” भारत और न्यूजीलैंड के बीच पिछली टेस्ट शृंखला में न्यूजीलैंड ने ऐतिहासिक रूप से 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। इस जीत के साथ उसने भारत का घरेलू मैदान पर 12 साल से अधिक समय और 18 शृंखलाओं से चला आ रहा अजेय अभियान खत्म कर दिया था। भारतीय टेस्ट टीम में बदलाव के दौर को देखते हुए सैंटनर ने कहा कि नवंबर में न्यूजीलैंड में होने वाले दो टेस्ट मैच भारतीय टीम के कुछ नए खिलाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। भारत दौरे पर पुणे में दूसरे टेस्ट में 13 विकेट लेकर न्यूजीलैंड को शृंखला जिताने वाले सैंटनर ने पिछला दौरा याद करते हुए कहा कि नए खिलाड़ियों के लिए यहां की परिस्थितियों में जल्द ढलना महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा, “जैसा कि हमने पहले भी बात की है, सबसे जरूरी है कि परिस्थितियों के अनुसार जल्दी ढलने की कोशिश की जाए। नए खिलाडियों से सजी भारतीय टीम के लिए न्यूजीलैंड में लाल गेंद से क्रिकेट खेलने का यह पहला अनुभव हो सकता है। यहां की पिचें उनके लिए नई होंगी और संभव है कि वे भारत की तुलना में गेंदबाजों को अधिक मदद दें।”
सैंटनर ने हालांकि मौजूदा भारतीय टेस्ट टीम को “पूरी तरह संतुलित” करार देते हुए कहा कि टीम अच्छी तरह तैयार होती नजर आ रही है।
उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होगा। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के पास उछाल हासिल करने की क्षमता है, जबकि रविंद्र जडेजा और मानव सुथार स्पिन का विकल्प देंगे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.