न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए सात प्रमुख तेज गेंदबाजों को अपनी टीम में चुना है, जिनमें फिट होकर लौटे एडम मिल्ने भी शामिल हैं। यह श्रृंखला 22 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में शुरू होगी। मिचेल सैंटनर चार शहरों में 11 दिनों तक चलने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए 16 सदस्यीय टीम का नेतृत्व करेंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट की विज्ञप्ति के अनुसार इस वर्ष के आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में भारत के बाद उपविजेता रही टीम के 13 खिलाड़ियों को घरेलू श्रृंखला के लिए टीम में बरकरार रखा गया है। न्यूजीलैंड ने अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण को काफी मजबूत किया है जिसमें 34 वर्षीय मिल्ने के अलावा लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, जैकब डफी, जैक फाउल्क्स और नाथन स्मिथ शामिल हैं। ऑलराउंडर रचिन रविंद्र कंधे की चोट के कारण इस श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे लेकिन उनकी चार नवंबर से शुरू होने वाली वनडे श्रृंखला में वापसी करने की उम्मीद है।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा, ‘भारत एक बेहतरीन टीम और चुनौतीपूर्ण प्रतिद्वंद्वी है, इसलिए कीवी प्रशंसकों के सामने अपनी परिस्थितियों में उनसे मुकाबला करना वास्तव में रोमांचक होगा।’’
भारत इस दौरे में पांच वनडे और दो टेस्ट मैच भी खेलेगा। टी20 श्रृंखला के लिए न्यूजीलैंड की टीम: फिन एलन, मैट हेनरी, ग्लेन फिलिप्स, ज़ैक फाउल्क्स, माइकल ब्रैसवेल, एडम मिल्ने, मिचेल सैंटनर (कप्तान), बेवन जैकब्स, जैकब डफी, डैरिल मिचेल, टिम सीफर्ट, मार्क चैपमैन, काइल जैमीसन, डेवोन कॉनवे, नाथन स्मिथ, लॉकी फर्ग्यूसन। भारत का न्यूजीलैंड दौरे में टी20 श्रृंखला का कार्यक्रम इस प्रकार है:
पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच: 22 अक्टूबर: हैगली ओवल, क्राइस्टचर्च।
दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच: 24 अक्टूबर: हैगली ओवल, क्राइस्टचर्च। तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच: 27 अक्टूबर: हेनरी स्टेडियम, वेलिंगटन। चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच: 30 अक्टूबर: ईडन पार्क, ऑकलैंड।
पांचवां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच: एक नवंबर: सेडन पार्क, हैमिल्टन।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.