मार्केट में कुछ नई एमपीवी की एंट्री होने वाली है। कई कंपनियां अपने मौजूदा एमपीवी को अपडेट करने के साथ नए इंजन और ज्यादा फीचर्स लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं। आइए जानते हैं इन अपकमिंग एसयूवी के बारे में।
Renault Triber Turbo
रेनो अपनी किफायती 7-सीटर एमपीवी ट्राइबर का सितंबर 2026 में टर्बो वर्जन लॉन्च कर सकती है। इसमें काइगर वाला 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया जाएगा, जो 100 PS की पावर और 160 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। शुरुआत में इसे 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ ऑफर किया जा सकता है। जबकि, CVT ऑटोमैटिक बाद में लाइनअप में शामिल हो सकता है। नए इंजन के अलावा फेसलिफ्टेड ट्राइबर के डिजाइन, 8-इंच टचस्क्रीन, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और नए सेफ्टी फीचर्स में कोई खास बदलाव नहीं दिखेगा।
Nissan Gravite Turbo
रेनो ट्राइबर की तरह निसान भी अपनी नई ग्रेवाइट एमपीवी में ज्यादा पावरफुल इंजन देने की तैयारी कर रही है। ग्रेवाइट को ट्राइबर के प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है और इसमें भी वही 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है। यह इंजन 100 PS और 160 Nm का आउटपुट देगा। ज्यादा पावर के साथ ग्रेवाइट को हाईवे और लॉन्ग डिस्टेंस ट्रैवल के लिए बेहतर ऑप्शन बनाने की कोशिश की जाएगी। इससे निसान को एमपीवी सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने में मदद मिल सकती है।
Toyota Innova Hycross का सस्ता Hybrid वर्जन
टोयोटा कथित तौर पर इनोवा हाइक्रॉस हाइब्रिड का एक ज्यादा अफोर्डेबल वर्जन तैयार कर रही है। माना जा रहा है कि मार्च 2027 में नए एमिशन्स रूल्स के कारण डीजल इनोवा क्रिस्टा के बंद होने के बाद यह नया मॉडल उसकी जगह ले सकता है। इसमें मौजूदा 2.0-लीटर स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पावरट्रेन बरकरार रहने की उम्मीद है, लेकिन कीमत कम रखने के लिए कुछ फीचर्स हटाए जा सकते हैं। भविष्य में इसमें फ्लेक्स-फ्यूल टेक्नोलॉजी भी ऑफर की जा सकती है।
Maruti Suzuki Invicto Facelift
इनोवा हाइक्रॉस पर बेस्ड मारुति सुजुकी इन्विक्टो को भी अपडेट मिलने की उम्मीद है। हाइक्रॉस के फेसलिफ्ट के बाद इन्विक्टो में भी कई डिजाइन और फीचर बदलाव किए जा सकते हैं। सबसे ज्यादा बदलाव केबिन में देखने को मिल सकते हैं। इसमें बड़ा टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, JBL साउंड सिस्टम, सेकेंड रो में Ottoman सीट्स और कुछ अडिशनल प्रीमियम फीचर्स शामिल हो सकते हैं। इसका 2.0-लीटर स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पावरट्रेन पहले की तरह कंटिन्यू रहने की उम्मीद है।
Maruti Ertiga Facelift
मारुति की सबसे पॉप्युलर एमपीवी में शामिल अर्टिगा को भी नया अपडेट मिलने वाला है। फेसलिफ्ट में नई LED हेडलाइट्स, रिडिजाइन ग्रिल, कनेक्टेड LED टेललाइट्स और नए डिजाइन के अलॉय व्हील दिए जा सकते हैं। केबिन में भी बड़े बदलाव होने की उम्मीद है, जिसमें बड़ा टचस्क्रीन, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, वायरलेस चार्जिंग, वेंटिलेटेड सीट्स, एम्बिएंट लाइटिंग और टॉप वेरिएंट में 360-डिग्री कैमरा शामिल हो सकते हैं। इंजन के तौर पर इसमें 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन ही दिया जाएगा, जो 103 PS और 137 Nm देता है। इसमें 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प मिलेंगे। इसका CNG वर्जन भी आता रहेगा और इसमें नए अंडरबॉडी-माउंटेड CNG टैंक की संभावना भी है, जिससे बूट स्पेस बढ़ सकता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.