मध्य नेपाल में आई भीषण बाढ़ में मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 734 हो गई जबकि करीब 2,500 लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित सभी आठ जिलों से शव बरामद किए गए हैं। आपदा के पांचवें दिन भी बचावकर्मी लापता लोगों की तलाश में लगे हैं साथ ही फंसे हुए लोगों को निकालने का अभियान भी जारी है।
नेपाल-तिब्बत सीमा के निकट हिमनद के टूटने के बाद हिमस्खलन जैसी घटना से पानी, कीचड़ और मलबे का तेज बहाव नीचे की ओर आया, जिसने बुधवार को मध्य नेपाल में कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया और जलविद्युत केंद्रों को नष्ट कर दिया। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने बताया कि इस त्रासदी में मृतकों की संख्या बढ़कर 734 हो गई है। एनडीआरआरएमए के अनुसार, अब तक चितवन जिले से 259 शव, नवलपरासी पूर्व से 184, नवलपरासी पश्चिम से 82 और गोरखा जिले से 58 शव बरामद किए गए हैं।
इसी तरह नुवाकोट से 52, धादिंग से 50, तनहू से 36 और रसुवा से 13 शव मिले हैं। प्राधिकरण ने बताया कि इस आपदा के बाद अब भी 2,498 लोग लापता हैं। इनमें 85 सुरक्षाकर्मी और 320 विदेशी नागरिक शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, बचाव अभियान के दौरान अब तक प्रभावित जिलों से 8,186 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें 227 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.