- Hindi News
- Lifestyle
- Nautapa Pet Safety Tips; Human Vs Animal Heat Stroke Impact | Pets Physicians’ Advice
- कॉपी लिंक
गर्मियों में टेम्परेचर बढ़ने का असर इंसानों के साथ जानवरों की सेहत पर भी पड़ता है। नौतपा में कई शहरों का तापमान 45°C पार कर रहा है। इससे डॉग्स और कैट्स जैसे पेट्स को हीट स्ट्रेस और हीट स्ट्रोक का रिस्क कई गुना बढ़ गया है।
पेट्स के शरीर में थर्मोरेगुलेशन सिस्टम (पसीने के जरिए बॉडी को ठंडा रखने की प्रक्रिया) इंसानों की तरह एक्टिव नहीं होता है। इसलिए वे जल्दी ओवरहीट हो जाते हैं और समय पर ध्यान न दिया जाए तो स्थिति गंभीर हो सकती है।
इसलिए आज ‘जरूरत की खबर’ में जानेंगे कि-
- नौतपा के दौरान पेट्स की देखभाल कैसे करें?
- पेट्स में हीट स्ट्रोक के क्या लक्षण हैं?
- गर्मियों में पेट्स को क्या खिलाएं और क्या नहीं?
एक्सपर्ट: डॉ. आदर्श शर्मा, पेट्स फिजिशियन, भोपाल
सवाल- क्या पालतू जानवरों को इंसानों से ज्यादा गर्मी लगती है?
जवाब- हां, पालतू जानवरों को इंसानों से ज्यादा गर्मी महसूस होती है। पॉइंटर्स से समझिए-
- पेट्स के शरीर का टेम्परेचर कंट्रोल करने का तरीका अलग होता है।
- इंसानों के शरीर में हजारों स्वेट ग्लैंड (पसीना बनाने वाली ग्लैंड्स) होती हैं, लेकिन कुत्ते-बिल्लियों के शरीर में बहुत कम स्वेट ग्लैंड होते हैं।
- वह हांफकर शरीर की गर्मी बाहर निकालते हैं।
- उनकी स्किन पर फर होने से हीट शरीर में ही रह जाती है।
सवाल- गर्मी के मौसम में पेट्स को क्या प्रॉब्लम्स हो सकती हैं?
जवाब- गर्मियों में पेट्स को कई तरह की हेल्थ प्रॉब्लम्स हो सकती हैं। सभी हेल्थ रिस्क ग्राफिक में देखिए-

सवाल- गर्मी में पालतू जानवरों का ख्याल कैसे रखें?
जवाब- गर्मी में पालतू जानवरों को एक्स्ट्रा केयर की जरूरत होती है। इसके लिए कुछ बातों का खास ख्याल रखें। पॉइंटर्स से समझिए-
हमेशा ठंडा और साफ पानी दें
- गर्मी में हाइड्रेशन सबसे जरूरी है।
- पानी की कटोरी दिन में 2–3 बार बदलें।
- बहुत ज्यादा गर्मी में थोड़ी बर्फ डाल सकते हैं।
धूप से बचाकर रखें
- तेज गर्मी और धूप के समय (आमतौर पर 11 से 4 बजे) बाहर न ले जाएं।
- घर में ठंडी, हवादार जगह पर बिठाएं।
वॉक का सही टाइम चुनें
- गर्मियों में सुबह 5–8 बजे और शाम 7-9 बजे के बीच ही घुमाएं।
- दिन में गर्म सड़क पर पंजे जल सकते हैं।
हल्का और फ्रेश खाना दें
- बासी खाना न दें।
- पानी से भरपूर फूड दें।
कूलिंग का इंतजाम करें
- पंखा/कूलर/AC यूज करें।
- कूलिंग मैट या गीला तौलिया भी राहत देता है।
ग्रूमिंग का ध्यान रखें
- नियमित रूप से बालों को ब्रश करें।
- बहुत ज्यादा शेविंग न करें (फर हीट से भी बचाता है)।
कार में अकेला न छोड़ें
- गर्मी में बंद कार ओवन की तरह गर्म हो जाती है।
- कुछ मिनट में ही जानलेवा स्थिति बन सकती है।
हीट स्ट्रेस के संकेत पहचानें
- ज्यादा हांफना, लार टपकना, सुस्ती।
- ऐसे में तुरंत ठंडी जगह पर ले जाएं और पानी दें।
सवाल- अगर घर में एसी नहीं है तो पेट्स को कूल रखने के लिए क्या करें?
जवाब- घर में एसी न होने बावजूद कुछ आसान उपाय करके पेट्स को ठंडा रख सकते हैं। ग्राफिक में देखिए-

सवाल- क्या गर्मियों में पेट्स को बार-बार नहलाना सही है?
जवाब- नहीं, इससे उनकी स्किन के नेचुरल ऑयल्स हट जाते हैं, जो स्किन और फर को सेफ रखते हैं। इसके अलावा-
- बार-बार नहाने से स्किन ड्राई हो सकती है, खुजली, इन्फेक्शन या एलर्जी का रिस्क बढ़ सकता है।
- आमतौर पर कुत्तों को 2-4 हफ्ते में एक बार और बिल्लियों को 2 महीने में एक बार नहलाना बेहतर है।
- गर्मी से राहत के लिए नहलाने की बजाय ठंडी जगह, साफ पानी, गीला तौलिया, कूल मैट या हल्की ब्रशिंग जैसे तरीके ज्यादा सुरक्षित और असरदार होते हैं।
सवाल- गर्मियों में पेट्स के साथ क्या गलतियां नहीं करनी चाहिए?
जवाब- गर्मियों में पालतू जानवरों के साथ कुछ कॉमन गलतियां नहीं करनी चाहिए। जैसेकि-
- पेट्स को धूप या बंद गाड़ी में छोड़ना।
- दोपहर की तेज गर्मी में टहलाने ले जाना।
- पीने के लिए पानी कम देना या साफ, ठंडा पानी न रखना।
- फर को पूरी तरह शेव कर देना।
- बार-बार नहलाना।
- बासी खाना देना।
- ओवर-एक्सरसाइज कराना।
ये गलतियां पेट्स की सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं।
सवाल- गर्मियों में पेट्स की डाइट में क्या बदलाव करने चाहिए?
जवाब- गर्मियों में पेट्स के डाइट में कुछ बदलाव करके उन्हें हेल्थ प्रॉब्लम्स से बचाया जा सकता है। ग्राफिक में देखिए-

सवाल- कौन से फल/फूड पेट्स के लिए सुरक्षित हैं?
जवाब- गर्मियों में कुछ फल-फूड डॉग और कैट दोनों के लिए सुरक्षित होते हैं, लेकिन मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है। ग्राफिक में देखिए-

सवाल- गर्मियों में पेट्स काे कौन से फूड बिल्कुल नहीं देने चाहिए?
जवाब- गर्मी में डाइजेस्टिव सिस्टम थोड़ा कमजाेर हो जाता है। ऐसे में गलत फूड से उल्टी, डायरिया या फूड पॉइजनिंग हो सकती है। ग्राफिक में देखिए पेट्स को खाने में क्या नहीं देना चाहिए-

सवाल- पेट्स को दिन में कितनी बार पानी देना चाहिए?
जवाब- इसकी कोई तय संख्या में नहीं है। पूरे दिन उनके पास साफ और ताजा पानी रखना जरूरी है। गर्मियों में कुत्ते और बिल्ली सामान्य से ज्यादा पानी पीते हैं, इसलिए दिन में कई बार उनका पानी बदलना चाहिए, ताकि वह ठंडा और साफ बना रहे।
सवाल- क्या पेट्स को ठंडा या फ्रिज का पानी देना सुरक्षित है?
जवाब- नहीं, अचानक बहुत ठंडा पानी पीने से गले और पेट पर असर पड़ सकता है। कुछ मामलों में उल्टी, पेट दर्द या थर्मल शॉक (अचानक तापमान बदलने से शरीर का टेम्परेचर बैलेंस बिगड़ जाना) जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
सवाल- पेट्स में हीटस्ट्रोक के लक्षण क्या हैं?
जवाब- इसके शुरुआती संकेतों में बहुत तेज हांफना, जीभ बहुत ज्यादा बाहर निकलना, और लार टपकाना शामिल हैं। ग्राफिक में इसके सभी लक्षण देखिए-

सवाल- अगर पेट्स को हीटस्ट्रोक हो जाए तो क्या करें?
जवाब- ऐसी स्थिति में तुरंत एक्शन लेना बेहद जरूरी है। इसके लिए-
- सबसे पहले पेट्स को गर्म जगह से हटाकर ठंडी और हवादार जगह पर ले जाएं।
- उनके शरीर को धीरे-धीरे ठंडा करने के इंतजाम करें।
- ठंडे पानी से शरीर गीला करें, खासकर पेट, पंजों और गर्दन के आसपास हवा लगने दें।
- थोड़ा-थोड़ा करके पानी पिलाएं, लेकिन जबरदस्ती न करें।
- अगर बहुत ज्यादा हांफ रहा हो, उल्टी, कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखें, तो बिना देर किए तुरंत वेटरनरी डॉक्टर के पास ले जाएं।
डॉक्टर की सलाह के बिना कोई दवा न दें।

सवाल- घर में पेट्स के लिए कूलिंग स्पेस कैसे बनाएं?
जवाब- गर्मियों में घर के अंदर पेट्स के लिए कूलिंग स्पेस बनाने के लिए कुछ चीजों का ध्यान रखना होता है। जैसे-
- घर को कोई ऐसा कोना चुनें, जहां सीधी धूप न आती हो और वेंटिलेशन अच्छा हो।
- वहां ठंडी सतह जैसे टाइल्स या फर्श पर आराम करने दें। चाहें तो कूल मैट या गीला तौलिया बिछा सकते हैं।
- पास में हमेशा साफ और ताजा पानी रखें।
- छांव वाला छोटा ‘कूल जोन’ बना सकते हैं। जैसे पर्दे खींचकर, लाइट कम करके या पेट्स के बिस्तर को ठंडी जगह शिफ्ट कर दें।
सवाल- एक पेट ओनर को रोज क्या-क्या चेक करना चाहिए?
जवाब- पेट ओनर को रोजाना कुछ बेसिक चीजें जरूर चेक करनी चाहिए, जैसे-
- क्या वह ठीक से खा-पी रहा है या नहीं।
- वह सामान्य से ज्यादा सुस्त, चिड़चिड़ा या बेचैन तो नहीं है।
- आंख, नाक, कान साफ हैं या नहीं, कहीं चोट, सूजन, खुजली या बाल झड़ने जैसी समस्या तो नहीं है।
- यूरिन और पॉटी की आदतों में बदलाव भी महत्वपूर्ण संकेत होते हैं।
सवाल- क्या गर्मी में पेट के बाल कटवाना जरूरी है?
जवाब- नहीं, फर पेट्स के लिए एक इंसुलेशन की तरह काम करता है। ये शरीर को ज्यादा गर्म होने से भी बचाते हैं। डबल-कोटेड ब्रीड्स (जैसे हस्की, जर्मन शेफर्ड) को पूरी तरह शेव करना नुकसानदेह हो सकता है। इससे सनबर्न या स्किन प्रॉब्लम का रिस्क बढ़ जाता है। अगर बाल बहुत उलझे हों या बहुत ज्यादा लंबे हो गए हों तो ट्रिम कराना सही है।
सवाल- गर्मियों में डॉग को टहलाने का सही समय क्या है?
जवाब- गर्मियों में डॉग को टहलाने का सही समय सुबह जल्दी (लगभग 5:30-8 बजे) और शाम को सूरज ढलने के बाद (लगभग 6:30-9 बजे) होता है। इस समय तापमान कम होता है। इससे हीट स्ट्रेस और हीट स्ट्रोक का रिस्क नहीं होता है।
………………………..
ये खबर भी पढ़ें…
जरूरत की खबर- नौतपा में हीटवेव:ये 10 संकेत दिखें तो आपको लू लगी, तुरंत डॉक्टर को दिखाएं, बचाव के लिए करें ये 14 काम

नौतपा में गर्मी अपने चरम पर है। भारत के कई शहरों में टेम्परेचर 45°C के पार चला गया है। तेज धूप के साथ चलने वाली गर्म हवाओं से लू (हीटस्ट्रोक) का रिस्क बढ़ गया है। लू लगने पर ‘बॉडी कूलिंग सिस्टम’ ठीक से काम नहीं कर पाता है। समय पर इलाज न मिले तो यह स्थिति जानलेवा हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें…
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
