मुंबई में भारी बारिश के बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स की धड़कनें बढ़ा दीं. वायरल वीडियो में एक बेजुबान कुत्ता अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंच जाता है. सामने से मुंबई लोकल ट्रेन आ रही होती है, हॉर्न लगातार बज रहा होता है, लेकिन डरा हुआ कुत्ता अपनी जगह से नहीं हटता. तभी एक शख्स अपनी जान की परवाह किए बिना ट्रैक पर उतर जाता है और उसे बचाने की कोशिश करता है. कुछ सेकेंड का यह वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उस शख्स व ट्रेन चालक की इंसानियत की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
ट्रैक पर फंसा कुत्ता, सामने आ गई लोकल ट्रेन
वायरल वीडियो मुंबई के कुर्ला रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक आवारा कुत्ता रेलवे ट्रैक पर खड़ा है. उसी समय एक मुंबई लोकल ट्रेन प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ रही होती है. लोको पायलट लगातार हॉर्न बजाता है ताकि कुत्ता ट्रैक छोड़ दे, लेकिन वह डर के कारण वहीं खड़ा रहता है और इधर-उधर भटकता नजर आता है.
बेजुबान को बचाने ट्रैक पर कूद पड़ा शख्स
स्थिति को गंभीर होता देख एक शख्स तुरंत रेलवे ट्रैक पर उतर जाता है और कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश करता है. हालांकि डरा हुआ कुत्ता तुरंत उसकी बात नहीं मानता और बचाव करने आए व्यक्ति के पास भी नहीं जाता. वीडियो यहीं खत्म हो जाता है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ जाती है कि आखिर कुत्ते का क्या हुआ.
कमेंट्स में मिली राहत की खबर
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने कमेंट कर बताया कि आखिर में कुत्ते को सुरक्षित बचा लिया गया. कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि लोको पायलट ने ट्रेन की रफ्तार बेहद धीमी कर दी थी और तब तक आगे नहीं बढ़े, जब तक कुत्ता ट्रैक से सुरक्षित बाहर नहीं निकल गया. कुछ लोगों ने यह भी अनुमान लगाया कि कुत्ता शायद सुन नहीं पा रहा था या उसकी नजर कमजोर थी, इसलिए वह हॉर्न की आवाज पर भी प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: HR की एक कॉल और चली गई साढ़े 5 साल की नौकरी, Wipro एम्पलॉयी बोली- शायद यह भगवान का इशारा
सोशल मीडिया पर इंसानियत की हुई तारीफ
वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भावुक हो गए. एक यूजर ने लिखा, “लोको पायलट और उस शख्स को सलाम, जिन्होंने एक बेजुबान की जान बचाने के लिए धैर्य दिखाया.” दूसरे ने कहा, “इंसानियत आज भी जिंदा है, तभी ऐसे लोग दुनिया को बेहतर बनाते हैं.” एक अन्य यूजर ने लिखा, “वीडियो खत्म होने तक दिल की धड़कन बढ़ गई थी, लेकिन यह जानकर राहत मिली कि कुत्ता सुरक्षित है.” वहीं कई लोगों ने कहा कि बेजुबान जानवरों की जिंदगी भी उतनी ही कीमती है और ऐसे समय में दिखाई गई संवेदनशीलता हर किसी के लिए मिसाल है.
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में AC की ठंडी हवा खाने के लिए ATM में घुसे दो मेहनतकश मजदूर, वीडियो वायरल
https://platform.instagram.com/en_US/embeds.js
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.