बैतूल जिले के मुलताई फोरलेन पर जीतू ढाबे के पास एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा शनिवार तड़के 3:30 बजे का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, कार में सभी श्रद्धालु थे, जो नागपुर (महाराष्ट्र) के पास बुट्टी बोरी कोल माइंस एरिया के रहने वाले हैं। ये लोग सीहोर के कुबेरेश्वर धाम दर्शन करने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने आशंका जताई है कि झपकी आने के कारण कार ड्राइवर सड़क किनारे खड़ा ट्रक नहीं देख पाया होगा और हादसे का शिकार हो गया। हालांकि, सही वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। अभी दो मृतकों की पहचान हुई है, जो पति-पत्नी हैं। इनके नाम 40 वर्षीय छाया और 42 वर्षीय दीपक हैं। तीसरी महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। देखिए तस्वीरें ड्राइवर समेत 9 लोग घायल, नागपुर रेफर हादसे में कार ड्राइवर सहित 9 लोग घायल हैं। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को मुलताई के सरकारी अस्पताल ले गई। प्राथमिक इलाज के बाद सभी घायलों को नागपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। अगला पहिया टूटकर अलग हो गया, आगे की सीट पीछे चली गई चश्मदीद के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि ट्रक से टक्कर के बाद उसका अगला टायर टूटकर अलग हो गया। आगे की सीट टूटकर पीछे की ओर चली गई, जबकि छत भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद जोरदार आवाज सुनाई दी। कार की बीच वाली सीट पर बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.