सैंटनर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सेमीफाइनल और फाइनल हारना आदर्श स्थिति नहीं है, लेकिन जैसा कि मैंने कुछ दिन पहले कहा था, आप इस स्थिति में आते हैं, आप उन टीम के खिलाफ खेलते हैं जो बहुत अच्छा क्रिकेट खेल रही हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत के खिलाफ भारत में फाइनल हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है. हम जानते थे कि मैच से पहले हम निश्चित तौर पर कमजोर टीम माने जाएंगे. और उन्होंने आज रात अपने बल्लेबाजी प्रदर्शन से फिर से अपना स्तर दिखाया.’’
पावर प्ले में टीम इंडिया ने बनाए थे 92 रन
संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने गत चैंपियन को जबरदस्त शुरुआत दिलाते हुए पावर प्ले के छह ओवर में 92 रन बनाए. इसके विपरीत 256 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलेंड की टीम पावर प्ले में तीन विकेट पर 52 रन ही बना सकी. सैंटनर ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि पावर प्ले में 90 रन बनाने का श्रेय संजू और अभिषेक को जाता है. वहां से वापसी करना काफी मुश्किल है.’’
उन्होंने कहा, ‘‘और फिर जब आप 250 रन का पीछा कर रहे हों तो सब कुछ ठीक होना चाहिए. और पावरप्ले में विकेट खोना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है. मुझे लगता है कि दिन की कहानी यही थी, दो पावर प्ले. मुझे लगता है कि हमने 40 के आस-पास तीन विकेट गंवा दिए और उन्होंने 90 के आसपास कोई विकेट नहीं गंवाया था.’’ न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था लेकिन उसके गेंदबाजों को भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को रोकने में काफी मुश्किलें हुईं.
गेंदबाजी को लेकर सैंटनर ने जताई निराशा
सैंटनर ने कहा, ‘‘शुरुआत में गेंद अधिक सीम या स्विंग नहीं हो रही थी इसलिए मुझे लगता है कि गेंदबाज बल्लेबाजों की रेंज से बाहर निकलने की पूरी कोशिश कर रहे थे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि संजू, अभिषेक, किशन विकेट के चारों ओर हिट करने में कितने अच्छे हैं. मुझे लगता है कि जब खिलाड़ी अच्छा खेल रहे हों तो कोई परफेक्ट रणनीति नहीं होती. मुझे लगता है कि जब खिलाड़ी इस तरह से अच्छा खेल रहे हों तो उन्हें रोकना मुश्किल होता है.’’
सैंटनर ने कहा, ‘‘हमने यॉर्कर, बाहर की तरफ गेंदबाजी की कोशिश की. फिर हमने लेग साइड पर गेंदबाजी की. हमने सब कुछ आजमाया. लेकिन श्रेय इस बात को जाता है कि उन्होंने पावर प्ले में कैसा प्रदर्शन किया और फिर वहां से आप तेज बल्लेबाजी करके अच्छा स्कोर बना सकते हैं जैसा उन्होंने किया.’’ ऑफ स्पिनर कोल मैककोन्ची की जगह तेज गेंदबाज जैकब डफी को लाने के फैसले के बारे में बताते हुए सैंटनर ने कहा कि अहमदाबाद की सतह से स्पिन को बहुत कम मदद मिली. उन्होंने कहा, ‘‘अहमदाबाद में मिश्रित मिट्टी के विकेट पर आमतौर पर ज्यादा स्पिन नहीं होती. हमेशा थोड़ा उछाल रहता है. मेरे, अक्षर और चक्रवर्ती के ओवरों में किसी भी चरण पर अधिक स्पिन नहीं थी. तेज गेंदबाजों के लिए उछाल तो था ही.’’
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.