राजस्थान में ‘मिर्जापुर द मूवी’ के ‘शूरवीर’ गाने को लेकर विवाद बढ़ गया है. फिल्म में गाने के इस्तेमाल पर कई संगठनों ने आपत्ति जताई है. फिल्म के हिंसक और गैंगस्टर किरदारों से जुड़े दृश्यों के बीच महाराणा प्रताप को समर्पित ‘शूरवीर’ गीत के इस्तेमाल पर विरोध किया जा रहा है. ‘शूरवीर’ गाना रैपरिया बालम का गाना है. उन्होंने ये गाना महाराणा प्रताप की वीरता को समर्पित किया था. वो ‘मिर्जापुर’ में गाना देखकर काफी दुखी हैं. उनका कहना है कि इस गाने को लेकर उनसे परमिशन नहीं ली गई और जिस तरह फिल्म में दिखाया गया है वो स्वीकार्य नहीं है.
फिल्म को प्रदर्शन कर रुकवाया जाएगा
वहीं श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने फिल्म मेकर्स को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. मकराना ने चेतावनी दी है कि 24 घंटे में विवादित हिस्सा नहीं हटाया गया तो फिल्म का प्रदर्शन रुकवाया जाएगा.
ये भी पढ़ें- ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की 7वें दिन भी नहीं थम रही कमाई, 143 करोड़ के पार हुआ कलेक्शन
महिपाल सिंह मकराना ने कहा कि मामले में ‘पद्मावत’ और ‘जोधा अकबर’ फिल्म के विरोध जैसा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा. करणी सेना का कहना है कि महाराणा प्रताप वीरता, त्याग और स्वाभिमान के प्रतीक हैं, ऐसे महापुरुष को समर्पित गीत को गैंगस्टर किरदारों के साथ जोड़ना स्वीकार नहीं किया जाएगा.
वहीं बीजेपी नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने भी ‘शूरवीर’ गाने के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई है. राजेंद्र राठौड़ ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री के साथ ही सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष को पत्र लिखकर फिल्म से ‘शूरवीर’ गीत के बोल हटाने की मांग की है. राठौड़ ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर ऐतिहासिक महापुरुषों और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के साथ छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जा सकती.
करणी सेना के अल्टीमेटम और राठौड़ की सेंसर बोर्ड से शिकायत के बाद विवाद बढ़ गया है. अब नजर फिल्म मेकर्स और सेंसर बोर्ड के अगले कदम पर है.
ये भी पढ़ें- ‘दृश्यम 3’ की बॉक्स ऑफिस पर आएगी सुनामी, बनेगी अजय के करियर की सबसे बड़ी ओपनर
फिल्म को गुरमीत सिंह ने डायरेक्ट किया है. एक्सेल एंटरटेनमेंट ने फिल्म को प्रोड्यूस किया है. फिल्म में गैंगस्टर की कहानी दिखाई गई है. पंकज त्रिपाठी फिल्म में गैंगस्टर बने हैं. फिल्म में दिव्येंदु, अली फजल, रवि किशन, जीतेंद्र कुमार जैसे स्टार्स भी हैं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.