‘मिर्जापुर द मूवी’ का ऑफिशियल ट्रेलर मंगलवार (11 अगस्त) को जारी कर दिया गया है। ट्रेलर में मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु शर्मा की दमदार वापसी दिखाई गई है। ट्रेलर में मिर्जापुर की सत्ता, बदले और खून-खराबे का नया अध्याय दिखाया गया है। 3 मिनट लंबे इस ट्रेलर में कालीन भैया, मुन्ना भैया, गुड्डू पंडित और बबलू पंडित के बीच मिर्जापुर की गद्दी को लेकर खूनी जंग और वर्चस्व की कहानी दिखाई गई है। ‘भौकाल लाइक नेवर बिफोर’ के वादे के साथ आ रही यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। देखें ट्रेलर की झलकियां दमदार डायलॉग्स और एक्शन से भरपूर है ट्रेलर ट्रेलर की शुरुआत एक खाली गद्दी और दमदार वॉयसओवर से होती है- “गद्दी ना तो विरासत से मिलती है, ना सियासत से… मिलती है तो सिर्फ और सिर्फ बाहुबल से।” ट्रेलर में कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) का वही पुराना रौब देखने को मिल रहा है। ट्रेलर में किरदारों को खास टाइटल के साथ पेश किया गया है- कालीन भैया को ‘द किंग’, मुन्ना भैया (दिव्येंदु) को ‘द प्रिंस’ और गुड्डू-बबलू (अली फजल और जितेंद्र कुमार) को ‘द लायंस’ दिखाया गया है। ट्रेलर में अभिनेता रवि किशन का किरदार बेहद आक्रामक और मनोरंजक नजर आ रहा है, जो गाड़ियों की फायरिंग के बीच तंज कसते दिखते हैं। इसके अलावा बीना भाभी (रसिका दुगल) भी इस पावर गेम में अपनी राजनीतिक चालें चलती नजर आ रही हैं। बबलू पंडित के रोल में जितेंद्र कुमार
वेब सीरीज में बबलू पंडित का किरदार निभाने वाले विक्रांत मैसी की जगह फिल्म में अभिनेता जितेंद्र कुमार यह रोल निभा रहे हैं। इससे पहले मेकर्स ने फिल्म के नए पोस्टर्स भी जारी किए थे। इनमें कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी), मुन्ना भैया (दिव्येंदु), गुड्डू पंडित (अली फजल) और बबलू पंडित (जितेंद्र कुमार) का जबरदस्त लुक दिखाया गया है। रवि किशन और अभिषेक बनर्जी समेत दिखेगी बड़ी स्टारकास्ट
फिल्म में मुख्य किरदारों के अलावा एक बड़ी स्टारकास्ट शामिल है। इसमें रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौड़, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस. चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सत्येंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह नजर आ रहे हैं। फिल्म को पुनीत कृष्णा ने लिखा है, जबकि रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) ने इसे प्रोड्यूस किया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.