भारतीय मार्केट में सालों तक कॉम्पैक्ट SUVs (जैसे नेक्सन, ब्रेजा और वेन्यू) की जबर्दस्त धूम रही। हालांकि, अब भारतीय खरीदार अपनी पुरानी गाड़ियों को अपग्रेड कर मिड-साइज SUVs की ओर रुख कर रहे हैं।
मिड-साइज सेगमेंट का बढ़ता मार्केट
आंकड़ों पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में घरेलू पैसेंजर व्हीकल बिक्री में मिड-साइज SUVs की हिस्सेदारी बढ़कर 18.2 पर्सेंट तक पहुंच गई है। जबकि महज दो साल पहले यह आंकड़ा सिर्फ 12.4 पर्सेंट था। इसके उलट, 4 मीटर से छोटी कॉम्पैक्ट SUVs का मार्केट शेयर पिछले साल के 16.2 पर्सेंट से घटकर अब 14.6 पर्सेंट पर आ गया है। हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि छोटी SUVs की बिक्री बंद हो गई है। सच यह है कि अब बड़े साइज वाली गाड़ियां ज्यादा तेज रफ्तार से बढ़ रही हैं।
बड़ी गाड़ी खरीदने की वजह?
कुछ साल पहले तक 10 लाख रुपये की कॉम्पैक्ट SUV और 15 से 20 लाख रुपये की मिड-साइज SUV के बीच का अंतर ग्राहकों को बजट के मामले में काफी बड़ा लगता था। लेकिन अब यह अंतर कम होता दिख रहा है। क्रेटा, सेल्टोस, ग्रैंड विटारा, हाइराइडर और सीएरा जैसी मिड-साइज SUVs के बेस वैरिएंट्स की कीमतें कॉम्पैक्ट SUVs के टॉप वैरिएंट्स से सीधे मेल खाती हैं। ज्यादा पैसे खर्च करने पर ग्राहकों को ज्यादा रियर-सीट स्पेस, बड़ा बूट स्पेस, लंबी दूरी के सफर में कम्फर्ट और कई लग्जरी फीचर्स मिलते हैं।
बिक्री के आंकड़ों में क्रेटा का दबदबा
बता दें कि जुलाई, 2026 के बिक्री आंकड़े इस सेगमेंट में आई भारी तेजी को साफ बयां करते हैं। इस दौरान हुंडई क्रेटा की 18,088 यूनिट्स बिकीं। जबकि किआ सेल्टोस की 12,541 यूनिट्स बिकीं जो कि पिछले साल के मुकाबले दोगुनी से भी ज्यादा है। इसके अलावा, मारुति की नई विक्टोरिस ने 11,334 यूनिट्स, ग्रैंड विटारा ने 8,127 यूनिट्स, टोयोटा हाइराइडर ने 7,187 यूनिट्स और टाटा सिएरा ने 6,327 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की।
कॉम्पैक्ट SUVs भी रेस में
इस पूरे बदलाव में ध्यान देने वाली बात यह भी है कि छोटी सब-4 मीटर SUVs का क्रेज खत्म नहीं हुआ है। बता दें कि Q1 FY2027 में कॉम्पैक्ट SUVs की कुल बिक्री 3,97,609 यूनिट्स रही। इसमें सालाना आधार पर 24 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई है। यानी लोग ब्रेजा, नेक्सन या वेन्यू को छोड़ नहीं रहे हैं, बल्कि नए खरीदार सीधे ऊपर वाले सेगमेंट की ओर बढ़ रहे हैं। कार कंपनियों के लिए भी बड़े साइज की SUVs बेचना ज्यादा फायदेमंद साबित हो रहा है। दरअसल, इनमें मार्जिन ज्यादा होता है। वहीं, ग्राहकों को भी 12 लाख से 25 लाख रुपये के बजट में ढेरों प्रीमियम ऑप्शंस मिल रहे हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
