- कॉपी लिंक
कल यानी 5 अगस्त की रात करीब 7 बजे बुध ग्रह मिथुन राशि से निकलकर कर्क राशि में प्रवेश करेगा। बुध तर्क, बुद्धि, वाणी, व्यापार और संवाद का कारक ग्रह है। कर्क राशि में बुध 22 अगस्त तक रहेगा, इसके बाद सिंह राशि में प्रवेश करेगा। कर्क राशि में बुध के आने से सभी राशियों के लोगों के सोचने-समझने, निर्णय लेने और बातचीत के तरीके पर गहरा प्रभाव पड़ेगा।
उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा से जानिए सभी 12 राशियों के लिए दिन कैसा रह सकता है…
मेष राशि वाले लोगों के लिए बुध चौथे भाव में रहेगा। ये लोग परिवार के सुख-साधनों और माता के स्वास्थ्य पर ध्यान देंगे। पारिवारिक मामलों में संवाद बनाए रखना जरूरी होगा, वर्ना गलतफहमियां हो सकती हैं। कार्यक्षेत्र में बौद्धिक क्षमता से नए रास्ते खुलेंगे, लेकिन जल्दबाजी में संपत्ति या वाहन से जुड़ा कोई बड़ा निर्णय न लें, सोच-विचारकर आगे बढ़ें।
- वृषभ राशि
वृषभ राशि के लिए बुध तीसरे भाव में गोचर करेगा, इससे साहस, पराक्रम और संचार कौशल में बढ़ोतरी होगी। छोटे भाई-बहनों के साथ संबंध मजबूत होंगे और उनके साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। यदि आप लेखन, मार्केटिंग या मीडिया के क्षेत्र से जुड़े हैं, तो यह समय आपके लिए बेहद शुभ रहने वाला है। छोटी-छोटी व्यावसायिक यात्राएं लाभदायक साबित होंगी।
- मिथुन राशि
बुध मिथुन राशि का स्वामी है और यह दूसरे भाव यानी धन-वाणी के भाव में प्रवेश कर रहा है। इस अवधि में आपकी बोलचाल में सौम्यता और आकर्षण रहेगा, जिससे आप दूसरों को आसानी से प्रभावित कर सकेंगे। आर्थिक दृष्टिकोण से यह समय अनुकूल है, रुका हुआ धन वापस मिल सकता है। हालांकि, परिवार के साथ बातचीत करते समय अपने शब्दों का चयन सोच-समझकर करें।
- कर्क राशि
बुध का गोचर इसी राशि में होने जा रहा है। इससे व्यक्तित्व में निखार आएगा और निर्णय लेने की क्षमता में स्पष्टता देखने को मिलेगी। लोग आपकी बातों और विचारों की ओर आकर्षित होंगे। व्यापारिक दृष्टिकोण से नए विचार और रणनीतियां दिमाग में आएंगी, जो भविष्य में लाभ देंगी। हालांकि, भावनाओं में बहकर कोई भी महत्वपूर्ण फैसला लेने से बचें।
- सिंह राशि
सिंह राशि के लोगों के लिए बुध बारहवें भाव में रहेगा। इस दौरान खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है, इसलिए बजट बनाकर चलना ही समझदारी होगी। विदेश से जुड़े व्यापार में काम कर रहे लोगों के लिए यह स्थिति लाभप्रद हो सकती है। सेहत के प्रति थोड़ी सतर्कता बरतें और समय पर सोने की आदत डालें, ताकि मानसिक तनाव न हो।
- कन्या राशि
बुध इस राशि का स्वामी है, यह ग्यारहवें भाव यानी लाभ भाव में आ रहा है। यह गोचर आर्थिक रूप से काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। आय के नए स्रोत बन सकते हैं और पुराने निवेशों से भी अच्छा रिटर्न मिलने की संभावना है। सामाजिक दायरा बढ़ेगा और अधिकारियों से सहयोग मिलेगा। आपकी योजनाएं इस समय सही दिशा में आगे बढ़ेंगी।
- तुला राशि
तुला राशि वालों के लिए बुध का गोचर दसवीं राशि यानी कर्म भाव में होगा। कार्यक्षेत्र में आपकी बुद्धि और रणनीतिक सोच की तारीफ होगी। जो लोग नौकरी बदलने या पदोन्नति की उम्मीद कर रहे हैं, उनके लिए सकारात्मक संकेत हैं। अधिकारियों के साथ आपके संबंध सुधरेंगे। यदि ये लोग व्यापार करते हैं, तो नए सौदे और साझेदारियां व्यवसाय को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकती हैं।
- वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के लोगों के लिए बुध नवम (भाग्य) भाव में गोचर करेगा। इस समय में आपका रुझान धर्म, आध्यात्मिकता और उच्च शिक्षा की ओर बढ़ेगा। किसी लंबी दूरी की धार्मिक यात्रा का योग बन सकता है। भाग्य का साथ मिलने से अटके हुए काम पूरे होंगे। पिता या गुरुजनों का मार्गदर्शन करियर में नई दिशा देने में मददगार साबित होगा।
धनु राशि के लोगों के लिए बुध आठवें भाव में प्रवेश करेगा। इस समय सेहत और खान-पान का विशेष ध्यान रखना होगा। नए विषयों, अनुसंधान (रिसर्च) और ज्योतिष जैसे क्षेत्रों में रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह समय बहुत अच्छा है। आर्थिक लेन-देन में सतर्कता बरतें और किसी को उधार देने से बचें, अन्यथा पैसा फंस सकता है।
मकर राशि के लिए बुध सातवें भाव में रहेगा, जो वैवाहिक जीवन और साझेदारी का भाव है। जीवनसाथी के साथ संवाद बेहतर होगा और रिश्तों में मधुरता आएगी। यदि व्यापार में किसी साझेदारी में हैं, तो आपसी समझ से बड़ा मुनाफा कमा सकते हैं। नए व्यापारिक संपर्क बनेंगे जो भविष्य में आपके लिए फायदेमंद साबित होंगे।
- कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए बुध का यह गोचर छठे भाव में होने जा रहा है। यह समय विरोधियों और प्रतिस्पर्धियों पर विजय पाने का है। नौकरीपेशा लोगों को अपने काम में अधिक ध्यान देने की जरूरत होगी, क्योंकि सहकर्मियों से किसी बात पर बहस हो सकती है। अपने खर्चों पर नियंत्रण रखें और स्वास्थ्य को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।
मीन राशि के जातकों के लिए बुध का प्रवेश पांचवें भाव यानी बुद्धि, प्रेम और संतान के भाव में होगा। विद्यार्थियों के लिए यह समय बेहद अनुकूल रहेगा, पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ेगी। प्रेम संबंध में तालमेल रहेगा। आप अपने साथी के साथ अच्छा समय बिताएंगे। शेयर बाजार या रचनात्मक कार्यों से जुड़े लोगों को इस अवधि में लाभ मिल सकता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
