ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में आउटर दिल्ली वॉरियर्स के खिलाफ शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए सात विकेट से आसान जीत दर्ज की। इस जीत के बाद कप्तान सिमरजीत सिंह ने मयंक यादव के साथ अपनी बॉन्डिंग के बारे में बात की है।
यह पूछे जाने पर कि क्या ईस्ट दिल्ली राइडर्स अन्य टीमों की प्लेऑफ की उम्मीदों को बिगाड़ने की कोशिश कर रही है, सिमरजीत ने इस विचार को खारिज करते हुए लंबे समय के विकास पर जोर देते हुए कहा कि, “हम दूसरी टीमों के बारे में नहीं सोच रहे हैं। हमारा ध्यान अपने खेल पर है और बतौर क्रिकेटर भविष्य के लिए सीखने पर है। घरेलू और राज्य स्तर का क्रिकेट आने वाला है, इसलिए हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि पहले की गई गलतियां दोबारा न हों। हमारा लक्ष्य व्यक्तिगत रूप से अच्छा प्रदर्शन करना और टीम के तौर पर टूर्नामेंट का अंत मजबूत अंदाज में करना है।”
सिमरजीत ने तेज गेंदबाज सनसनी मयंक यादव की भी जमकर तारीफ की और मैदान के अंदर और बाहर टीम के लिए उनके योगदान को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि, “मेरे हिसाब से मयंक भारत के सबसे तेज गेंदबाज हैं। यह देखना शानदार है कि वह दिल्ली क्रिकेट से कितने जुड़े हुए हैं। वह मस्ती करते हैं, भारतीय टीम के साथ अपने समय के किस्से साझा करते हैं और जूनियर खिलाड़ियों को बहुमूल्य प्रेरणा देते हैं। व्यक्तिगत रूप से मुझे उनके साथ गेंदबाजी करना बहुत पसंद है।”
उच्च दबाव वाले मुकाबलों में अपनी और मयंक की गेंदबाजी साझेदारी के बारे में बताते हुए कप्तान ने कहा कि, “हम मैच के दौरान लगातार बात करते रहते हैं कि किस समय किसे आक्रमण करना चाहिए और दोनों छोर से हमारे लिए सबसे बेहतर विकल्प क्या हो सकते हैं। अगर मैं गेंदबाजी कर रहा हूं तो हम चर्चा करते हैं कि मयंक की भूमिका क्या होनी चाहिए और इसके उलट भी। हम मैच की स्थिति के साथ लगातार तालमेल बनाए रखते हैं, ताकि खेल पर हमारा नियंत्रण बना रहे।”
ऐसा रहा मैच का हाल
इससे पहले ईस्ट दिल्ली राइडर्स के तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स को 19.1 ओवर में महज 134 रन पर समेट दिया। वॉरियर्स की टीम लगातार दबाव में रही और 68 रन पर सात विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद हर्ष त्यागी ने 33 गेंदों पर 36 रन की जुझारू पारी खेलकर टीम को कुछ हद तक संभाला। मयंक यादव 3/22 के आंकड़ों के साथ सबसे सफल गेंदबाज रहे, जबकि आशीष मीणा ने 3/25 और सिमरजीत सिंह ने 2/20 का योगदान दिया। 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स को शुरुआती झटकों का सामना करना पड़ा, लेकिन काव्या गुप्ता और वैभव बैसला ने शानदार संयम दिखाया। दोनों ने नाबाद 71 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। काव्या ने 32 गेंदों पर नाबाद 48 रन, जबकि वैभव ने 23 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए। दोनों ने मिलकर ईस्ट दिल्ली राइडर्स को काफी गेंदें शेष रहते सात विकेट से जीत दिलाई और टीम के शानदार प्रदर्शन को पूरा किया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.